'स्टार्टअप इंडिया' के 10 साल पूरे; पीएम मोदी बोले- 'हमारे युवा बदलाव के इंजन', अब अंतरिक्ष और रक्षा में भी बजा रहे डंका
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस' और 'स्टार्टअप इंडिया' के 10 साल पूरे होने पर युवाओं के जज्बे को सलाम किया है। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप्स 'आत्मनिर्भर भारत' की रीढ़ हैं और अब ये स्पेस और डिफेंस जैसे क्षेत्रों में भी नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को 'स्टार्टअप इंडिया' पहल के 10 साल पूरे होने पर सभी को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप बदलाव के ऐसे इंजन हैं जो हमारी अर्थव्यवस्था और समाज के भविष्य को आकार दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के मौके पर स्टार्टअप की दुनिया से जुड़े सभी लोगों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आज का दिन खास है, क्योंकि आज 'स्टार्टअप इंडिया' की शुरुआत को एक दशक पूरा हो गया है। यह दिन हमारे लोगों, खासकर हमारे युवाओं की हिम्मत, इनोवेशन की भावना और एंटरप्रेन्योरशिप के जज्बे का जश्न मनाने का है, जिन्होंने ग्लोबल स्टार्टअप इकोसिस्टम में भारत की तरक्की को आगे बढ़ाया है।"