T20 World Cup 2026: क्या वर्ल्ड कप से बाहर होगा बांग्लादेश? ICC ने वेन्यू बदलने की मांग ठुकराई; स्कॉटलैंड की खुल सकती है किस्मत
बांग्लादेश सरकार ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार किया है। आईसीसी (ICC) द्वारा मैचों को शिफ्ट करने की मांग खारिज होने के बाद खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने कड़ा रुख अपनाया है। स्कॉटलैंड अब बांग्लादेश की जगह ले सकता है।
नई दिल्ली : बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने गुरुवार को बताया कि बांग्लादेश के आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने की गुंजाइश नहीं है। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) से अनुरोध किया था कि उसके विश्व कप मैच भारत के बजाय किसी अन्य वेन्यू पर शिफ्ट किए जाएं, लेकिन आईसीसी ने इस मांग को खारिज कर दिया था।
आसिफ नजरुल ने बांग्लादेश टीम के खिलाड़ियों और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) अधिकारियों के साथ गुरुवार को एक मीटिंग के बाद पत्रकारों से कहा, "हमारे फैसले को बदलने की कोई गुंजाइश नहीं है। हमें आईसीसी से न्याय नहीं मिला। हालांकि, हमें अब भी उम्मीद है कि आईसीसी हमारे साथ न्याय करेगा। भारत में सुरक्षा की स्थिति जस की तस बनी हुई है।"