MI vs KKR IPL 2026: रोहित शर्मा को केकेआर के खिलाफ इतिहास रचने के लिए चाहिए 11 रन
आईपीएल 2026 के दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस और केकेआर की भिड़ंत। रोहित शर्मा बन सकते हैं केकेआर के खिलाफ सबसे सफल बल्लेबाज। वानखेड़े में मुंबई का पलड़ा भारी।
नई दिल्ली : आईपीएल 2026 का दूसरा मुकाबला मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के बीच रविवार को खेला जाना है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में केकेआर के खिलाफ मुंबई का रिकॉर्ड दमदार रहा है। इस मुकाबले में रोहित शर्मा के पास एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा मौका होगा।
दरअसल, आईपीएल में केकेआर के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अभी डेविड वॉर्नर के नाम है। वॉर्नर ने 28 पारियों में कोलकाता के गेंदबाजी अटैक के सामने 1093 रन बनाए हैं। वहीं, इस लिस्ट में अभी रोहित दूसरे नंबर पर हैं। मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान ने 35 पारियों में 1083 रन बनाए हैं। रोहित रविवार को अगर वानखेड़े में होने वाले मुकाबले में 11 रन बनाने में सफल रहते हैं, तो वह केकेआर के खिलाफ आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। रोहित को केकेआर के खिलाफ खेलना हमेशा से ही काफी रास आता है। वह इस टीम के खिलाफ एक शतक और 6 अर्धशतक लगा चुके हैं।