चैतीपीपर गोलीकांड पर नया मोड़! भाकपा (माले) बोली- 'बालू माफिया ने किया सुनियोजित हमला', 11 जुलाई को बड़ा आंदोलन
चैतीपीपर गोलीकांड को लेकर भाकपा (माले) ने प्रशासन पर निष्पक्ष जांच नहीं करने का आरोप लगाया। पार्टी ने कहा कि यह दो पक्षों का विवाद नहीं, बल्कि कथित बालू माफिया का सुनियोजित हमला था। 11 जुलाई को जहानाबाद में प्रतिवाद सभा होगी।
बरुण कुमार / जहानाबाद : जहानाबाद के चैतीपीपर गोलीकांड को लेकर सियासत तेज हो गई है। बुधवार को भाकपा (माले) ने प्रेसवार्ता कर प्रशासन की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए। पार्टी ने दावा किया कि यह दो पक्षों के बीच का सामान्य विवाद नहीं था, बल्कि कथित बालू माफिया द्वारा गरीब ग्रामीणों पर किया गया सुनियोजित हमला था। पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
'गरीबों पर हमला, दो पक्षों का विवाद नहीं'
प्रेसवार्ता में अरवल के पूर्व विधायक महानंद सिंह ने कहा कि पार्टी की उच्चस्तरीय जांच टीम ने चैतीपीपर गांव का दौरा कर पीड़ित परिवारों और ग्रामीणों से बातचीत की। उनके मुताबिक, ग्रामीणों ने बताया कि 4 जुलाई को कथित बालू माफिया से जुड़े लोगों ने बस्ती पर हमला कर अंधाधुंध फायरिंग की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन इस घटना को दो पक्षों का विवाद बताकर मामले की गंभीरता कम करने की कोशिश कर रहा है।