अजित पवार के निधन पर भावुक हुए पीएम मोदी: NCC रैली में कहा- 'अजित दादा ने हमेशा गांवों के विकास को आगे बढ़ाया', परिवार के प्रति जताई गहरी संवेदना
दिल्ली के करियप्पा ग्राउंड में एनसीसी-पीएम रैली को संबोधित करते हुए भावुक हुए प्रधानमंत्री। महाराष्ट्र विमान हादसे पर जताया शोक। साथ ही 20 लाख कैडेट्स को दिया 'स्किल और संस्कार' का मंत्र।
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के करियप्पा परेड ग्राउंड में सालाना एनसीसी-पीएम रैली में हिस्सा लिया। इस दौरान पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन पर दुख जताया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि अजित दादा ने महाराष्ट्र और देश के विकास में बहुत बड़ा योगदान दिया है।
पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "आज का दिन हमारे लिए एक दुख लेकर भी आया है। आज सुबह ही महाराष्ट्र में दुखद विमान दुर्घटना हुई है। इस हादसे ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार जी और कुछ साथियों को हमसे छीन लिया है। अजित दादा ने महाराष्ट्र और देश के विकास में बहुत बड़ा योगदान दिया है। विशेष रूप से गांवों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने हमेशा आगे बढ़कर काम किया। मैं अजित पवार जी के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। जिन साथियों को इस हादसे में हमने खोया है, इस पीड़ा की घड़ी में हम सभी उनके परिजनों के साथ हैं।"