असम राइफल्स और कछार पुलिस की बड़ी कामयाबी: 3.5 करोड़ की हेरोइन जब्त, मेघालय तस्करी की साजिश नाकाम
असम के कछार जिले में असम राइफल्स और पुलिस का बड़ा एक्शन। मेघालय ले जाई जा रही ₹3.5 करोड़ की हेरोइन जब्त, 2 वाहन भी बरामद।
कछार : मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान में असम राइफल्स के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है। असम राइफल्स ने कछार पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में 7 मार्च 2026 को कछार जिले में पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और लगभग 3.5 करोड़ रुपए की हेरोइन जब्त की।
असम राइफल्स की तरफ से एक बयान में बताया गया कि यह अभियान क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के संबंध में विशिष्ट खुफिया सूचनाओं के आधार पर शुरू किया गया था। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संयुक्त दल ने कलाइन के पास बुरुंगा गांव में संदिग्धों को उस समय रोका जब वे मेघालय में प्रवेश करने की योजना के साथ प्रतिबंधित पदार्थ ले जा रहे थे।