"तक्षशिला जाना गुनाह नहीं": पाकिस्तान कनेक्शन के आरोपों पर गौरव गोगोई का हिमंता सरमा को करारा जवाब; जमीन विवाद पर घेरा
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने गौरव गोगोई पर पाकिस्तान कनेक्शन का आरोप लगाया। गोगोई ने इसे 4000 एकड़ जमीन घोटाले से ध्यान भटकाने की साजिश बताया।
असम : असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद सियासत गरमा गई और आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो चुका है।
सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने एसआईटी का हवाला देते हुए कांग्रेस नेता और सांसद गौरव गोगोई पर पाकिस्तान कनेक्शन के गंभीर आरोप लगाए हैं, लेकिन सांसद गोगोई इस मामले में सफाई दे चुके हैं और उनका कहना है कि सीएम यह सब 4 हजार एकड़ की जमीन के मामले से असम की जनता का ध्यान भटकाने के लिए कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री के आरोप का पलटवार करते हुए गौरव गोगोई ने आईएएनएस से कहा, "मुझे खुशी है कि उन्होंने मेरी प्रेस कॉन्फ्रेंस को सुना, लेकिन मैं उन्हें बता दूं कि उनके द्वारा आयोजित 2 घंटे की प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गए आरोप निराधार और झूठे हैं, और मैं आरोपों के जवाब पहले ही दे चुका हूं। मैं तक्षशिला गया था, जो एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण शिक्षा केंद्र है, और मुझे लगता है कि जिसको भी मौका मिले, वो तक्षशिला जरूर जाए।
उन्होंने आगे कहा, "तक्षशिला इस्लामाबाद से दूर है, और मुझे लगता है कि सीएम ने असम की जनता को भ्रमित करने की कोशिश की, क्योंकि खुद के परिवार का नाम 4 हजार एकड़ की सरकारी जमीन को अवैध रूप से कब्जा करने के मामले में आया है। अब उन चीजों से जनता का ध्यान हटाने की कोशिश की जा रही है।"
क्या आप WhatsApp पर न्यूज़ अपडेट पाना चाहते हैं?
WhatsApp पर ताज़ा और भरोसेमंद न्यूज़ अपडेट तुरंत पाएं। अभी जुड़ें और हर खबर सबसे पहले पढ़ें।
Follow News Tv India on WhatsAppपाकिस्तान जाने के सवाल का जवाब देते हुए गोगोई ने कहा, "शादी के कुछ महीनों बाद अपनी पत्नी के साथ पाकिस्तान गया था, और उस वक्त मेरी पत्नी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे प्रोग्राम का हिस्सा थीं। हम बाकी देशों के एनजीओ संगठन के साथ गए थे और यही जानना था कि वहां लोग कैसे रहते हैं और जीवन व्यापन कैसे करते हैं। हम किसी पाकिस्तानी के साथ, किसी भी तरह की मीटिंग का हिस्सा नहीं रहे थे।"
सिंगर जुबिन गर्ग की हत्या मामले पर गोगोई ने कहा, "जांच एजेंसी मामले को दबाने और सच को बाहर न लाने का प्रयास कर रही है, क्योंकि सिंगापुर की जांच एजेंसियों ने कुछ और बताया है और हमारे यहां की जांच एजेंसी कुछ और दावा कर रही है।"