बंगाल चुनाव 2026: दो चरणों में होगा मतदान, ओपिनियन पोल में ममता बनर्जी की 'हैट्रिक के बाद चौथी पारी' के संकेत
पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को मतदान। IANS-Matrize ओपिनियन पोल के अनुसार ममता बनर्जी की वापसी संभव, भाजपा को 100-115 सीटें।
नई दिल्ली : भारत निर्वाचन आयोग ने रविवार को असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में वोट डाले जाएंगे।
पहले चरण में 152 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं, दूसरे चरण में 142 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सरकार बनाने के लिए किसी भी राजनीतिक दल या गठबंधन को कुल 294 सीटों में से कम से कम 148 सीटों की आवश्यकता होती है। यह सदन की कुल सदस्य संख्या का आधा से एक अधिक है।