Bengal Election 2026: भाजपा की तीसरी लिस्ट जारी; आरजी कर पीड़िता की मां पानीहाटी से उम्मीदवार
पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए भाजपा ने 19 प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी की है। इस लिस्ट में आरजी कर पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ को पानीहाटी सीट से चुनावी मैदान में उतारा गया है। भाजपा अब तक कुल 274 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है और राज्य में 23 व 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होना है।
कोलकाता: बंगाल चुनाव के लिए सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं और राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने 19 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों को स्वीकृति प्रदान की है। इस सूची में राज्य के विभिन्न जिलों जैसे कूचबिहार दक्षिण, राजगंज, इस्लामपुर, हेमताबाद, इंग्लिश बाजार, शांतिपुर, पानीहाटी, हावड़ा मध्य, उत्तरपाड़ा, सिंगूर, चंदननगर, चूंचुड़ा, हरिपाल, तमलुक, मेदिनीपुर, पूर्वस्थली दक्षिण, कटवा, सैंथिया और नलहाटी को कवर किया गया है।
तीसरी लिस्ट के प्रमुख उम्मीदवार और सीटें
पार्टी ने अनुभवी नेताओं के साथ-साथ नए और प्रभावी चेहरों पर भरोसा जताया है। प्रमुख उम्मीदवारों के नाम इस प्रकार हैं: कूचबिहार दक्षिण से रथींद्र नाथ बोस, राजगंज से दिनेश सरकार, इस्लामपुर से चित्रजीत रॉय, हेमताबाद से हरिपदा बर्मन और इंग्लिश बाजार से अमलन भादुड़ी को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं शांतिपुर से स्वपन दास, पानीहाटी से रत्ना देबनाथ (आरजी कर पीड़िता की मां), हावड़ा मध्य से बिप्लब मंडल और उत्तरपाड़ा से दीपांजन चक्रवर्ती को टिकट दिया गया है। सिंगूर से डॉ. अरूप कुमार दास, चंदननगर से दीपांजन कुमार गुहा और चूंचुड़ा से सुबीर नाग को चुनावी मैदान में उतारा गया है।