पश्चिम एशिया संकट: घरेलू LPG आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार हाई अलर्ट पर; राज्यों को अफवाहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश
गृह सचिव ने राज्यों को LPG आपूर्ति सुनिश्चित करने और फेक न्यूज के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। रिफाइनरियों को घरेलू गैस उत्पादन बढ़ाने का आदेश।
नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रम के कारण घरेलू बाजार में एलपीजी की आपूर्ति कम होने की आशंका से जुड़ी खबरों को देखते हुए केंद्रीय गृह सचिव ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों और पुलिस महानिदेशकों के साथ बैठक की। इस बैठक में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के सचिव भी शामिल हुए।
बैठक में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को बताया गया कि 8 मार्च के एलपीजी कंट्रोल ऑर्डर के तहत रिफाइनरियों और पेट्रोकेमिकल इकाइयों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए आपूर्ति को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया है। यह भी स्पष्ट किया गया कि होटलों और रेस्तरां जैसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर एलपीजी वितरण पर कुछ प्रतिबंध लगाए गए हैं, लेकिन अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा।