जालंधर से कैलिफोर्निया का सफर: सवा करोड़ के इस ट्रैक्टर में आखिर ऐसा क्या है खास?
पंजाब के जालंधर में 105 साल पुराना विंटेज ट्रैक्टर सवा करोड़ रुपये में बिका है। यह दुर्लभ ट्रैक्टर अब अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित म्यूजियम की शोभा बढ़ाएगा।
जालंधर: कभी-कभी जिसे हम बेकार समझकर छोड़ देते हैं, वह असल में अनमोल खजाना निकलता है। पंजाब के जालंधर शहर से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक खंडहर बन चुकी पुरानी इमारत में दशकों से धूल फांक रहे एक पुराने ट्रैक्टर ने इतिहास रच दिया है। जिस ट्रैक्टर को लोग कबाड़ मान रहे थे, वह 1.25 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कीमत पर बिका है।
खंडहर में छिपा था 105 साल पुराना इतिहास
यह दुर्लभ ट्रैक्टर जालंधर के मशहूर भगत सिंह चौक के पास एक जर्जर और पुरानी इमारत में वर्षों से खड़ा था। इमारत की हालत इतनी खराब थी कि किसी का ध्यान वहां खड़े इस वाहन पर नहीं गया। स्थानीय लोग इसे वर्षों से देख रहे थे, लेकिन किसी को भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि यह जंग लगा हुआ ट्रैक्टर करोड़ों का हो सकता है।