हिमाचल की अनदेखी का आरोप: प्रतिभा सिंह ने पीएम मोदी को याद दिलाए 2022 के वादे, भाजपा सांसदों पर साधा निशाना
हिमाचल कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर 2022 विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया है।
शिमला: हिमाचल प्रदेश में आगामी चुनावी सरगर्मियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के 'हिमाचल मेरा दूसरा घर है' वाले बयान पर तंज कसते हुए कहा कि अब प्रधानमंत्री अपने ही घर के लिए किए गए वादों को भूल चुके हैं।
प्रधानमंत्री के वादे और अनसुनी का आरोप
प्रतिभा सिंह ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान प्रधानमंत्री ने मंडी की रैली में हिमाचल के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं की थीं और खुद को हिमाचल का बेटा बताया था। प्रतिभा सिंह के अनुसार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद वे व्यक्तिगत रूप से प्रधानमंत्री से मिलने गई थीं ताकि उन्हें उनके वादे याद दिलाए जा सकें, लेकिन उनकी बातों को पूरी तरह अनसुना कर दिया गया। उन्होंने कहा कि उन घोषणाओं को हुए अब एक लंबा अरसा बीत चुका है, मगर धरातल पर कुछ नहीं बदला।