परगट सिंह की 'साले' वाली भाषा पर भड़के दीपक बाली, स्वीकार की डिबेट की चुनौती; बोले- '72 घंटे नहीं, अभी आ जाओ मैदान में'
जालंधर कैंट के विधायक परगट सिंह और 'आप' महासचिव दीपक बाली के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। 'आप' नेताओं के लिए अभद्र शब्द इस्तेमाल करने पर दीपक बाली ने परगट सिंह को आड़े हाथों लिया और किसी भी मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती स्वीकार की। जानें क्या है पूरा विवाद और दीपक बाली की रखी शर्त।
आम आदमी पार्टी पंजाब के महासचिव और पर्यटन विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह द्वारा ‘आप’ के कैबिनेट मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के लिए ‘साले’ शब्द के इस्तेमाल पर कड़ी आपत्ति जताई है। साथ ही उन्होंने परगट सिंह की डिबेट चुनौती स्वीकार करते हुए कहा कि वे पंजाब के किसी भी मुद्दे पर बहस के लिए तैयार हैं।
दीपक बाली ने बताया कि आज सुबह उन्होंने दो-तीन बार एक वीडियो देखी जिसमें जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह, ‘आप’ पार्टी के कैबिनेट मंत्रियों, जिला अध्यक्षों और अन्य वरिष्ठ नेताओं को ‘साले’ शब्द कहकर संबोधित कर रहे थे, जो प्रदर्शन करने आए थे।