ईरान से व्यापार पर ट्रंप का 'टैरिफ बम'! भारत पर मंडराया 25% अतिरिक्त शुल्क का खतरा; जानें चाबहार और बासमती चावल पर क्या होगा असर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ व्यापार करने वाले देशों पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। भारत, जो ईरान का प्रमुख व्यापारिक साझेदार है, पहले से ही 50% ऊंचे अमेरिकी टैरिफ का सामना कर रहा है। जानें इस फैसले से भारत के निर्यात, चाबहार बंदरगाह और द्विपक्षीय व्यापार पर क्या प्रभाव पड़ेगा।
नई दिल्ली : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि जो भी देश ईरान के साथ व्यापार करेगा, उस पर अमेरिका 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क (टैरिफ) लगाएगा। भारत पहले से ही अमेरिका के 50 प्रतिशत ऊंचे टैरिफ का सामना कर रहा है, ऐसे में यह फैसला भारत के लिए चिंता बढ़ा सकता है।
भारत, ईरान के पांच सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में शामिल है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में भारत ने ईरान को 1.24 अरब डॉलर का सामान निर्यात किया और वहां से 0.44 अरब डॉलर का सामान आयात किया। इस तरह दोनों देशों के बीच कुल व्यापार 1.68 अरब डॉलर का रहा।