CM Bhagwant Mann: भूजल बचाने के लिए पंजाब सरकार का बड़ा अभियान, किसानों को नहर का पानी और आधुनिक खेती का मिल रहा लाभ
CM Bhagwant Mann के नेतृत्व में पंजाब सरकार भूजल संरक्षण के लिए कई योजनाएं लागू कर रही है। किसानों को नहर का पानी, आधुनिक कृषि तकनीक और जल संरक्षण उपायों का लाभ मिल रहा है, जिससे खेती की लागत और बिजली की खपत में कमी आ रही है।
चंडीगढ़: पंजाब लंबे समय से गिरते भूजल स्तर की चुनौती का सामना कर रहा है। खेती के लिए बड़े पैमाने पर ट्यूबवेल पर निर्भरता ने कई इलाकों में भूजल स्तर को लगातार नीचे पहुंचा दिया है। ऐसे में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का कहना है कि वह खेती को अधिक टिकाऊ बनाने और भूजल संरक्षण के लिए कई स्तरों पर काम कर रही है। सरकार के अनुसार, किसानों तक नहर का पानी पहुंचाने, आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने और जल संरक्षण को प्रोत्साहित करने जैसी पहलें इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं।
सरकार का दावा है कि इन योजनाओं का असर अब जमीन पर भी दिखने लगा है। किसानों की ट्यूबवेल पर निर्भरता कम हो रही है, बिजली की खपत घट रही है और सिंचाई के लिए नहरों के पानी का उपयोग बढ़ रहा है। इससे खेती की लागत कम करने के साथ-साथ भूजल बचाने में भी मदद मिल रही है।