Maharashtra Politics: 'शिंदे ही असली वारिस, राज ठाकरे ने लगा दी मुहर', प्रेम शुक्ल का उद्धव गुट पर तंज; कारसेवकों के मुद्दे पर अखिलेश को घेरा
भाजपा प्रवक्ता प्रेम शुक्ल ने कहा कि राज ठाकरे द्वारा महायुति को समर्थन देना साबित करता है कि असली शिवसेना एकनाथ शिंदे की है। उन्होंने यूपी के 'शंकराचार्य विवाद' पर भी अखिलेश यादव को कारसेवकों पर गोली चलाने की घटना याद दिलाते हुए आड़े हाथों लिया।
नई दिल्ली : भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल ने महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की सियासत से जुड़े कई अहम मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मनसे के समर्थन, उद्धव ठाकरे गुट पर लगाए गए आरोपों और शंकराचार्य मामले में अखिलेश यादव की टिप्पणी को लेकर पार्टी का पक्ष रखा।
प्रेम शुक्ल ने कहा कि ठाकरे भाइयों के बीच दिखाई देने वाली एकता केवल चुनाव तक ही सीमित थी। चुनाव खत्म होते ही वह एकता भी खत्म हो गई। उन्होंने दावा किया कि डोंबिवली-कल्याण क्षेत्र में राज ठाकरे द्वारा 'असली शिवसेना' को दिया गया समर्थन इस बात का प्रमाण है कि ठाकरे विरासत के असली वारिस एकनाथ शिंदे हैं और राज ठाकरे ने भी अब इस पर अपनी मुहर लगा दी है।