महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री राज पुरोहित का निधन, सीएम फडणवीस ने जताया शोक; शायना एनसी बोलीं- 'हमने एक मुस्कुराता चेहरा खो दिया'

भाजपा के वरिष्ठ नेता राज पुरोहित के निधन से मुंबई की राजनीति में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें पार्टी का मजबूत स्तंभ बताया, वहीं शायना एनसी ने राजस्थानी समाज और दक्षिण मुंबई के विकास में उनके योगदान को याद किया।

Jan 23, 2026 - 06:54
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री राज पुरोहित का निधन, सीएम फडणवीस ने जताया शोक; शायना एनसी बोलीं- 'हमने एक मुस्कुराता चेहरा खो दिया'
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री राज पुरोहित का निधन, सीएम फडणवीस ने जताया शोक; शायना एनसी बोलीं- 'हमने एक मुस्कुराता चेहरा खो दिया'

मुंबई : महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता राज पुरोहित का मुंबई के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन पर शिवसेना नेता शायना एनसी ने दुःख जताया और कहा कि उनका योगदान सराहनीय रहा है।

शायना एनसी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि वह एक अच्छे नेता थे और सबके साथ उनका रिश्ता अच्छा था। वह दक्षिण मुंबई से भाजपा के नेता थे। उनका योगदान एक नेता के तौर पर नहीं बल्कि एक इंसान के तौर पर देखा जाना चाहिए। उनके चेहरे पर हमेशा मुस्कान रहती थी, और आज उनके अंतिम संस्कार में हम आए हैं। यह बहुत दुखद है।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के साथ ही वह राजस्थान के रहने वाले राजस्थानी समाज के लिए भी हमेशा खड़े रहते थे। सभी की तरफ से हम उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने महिलाओं को लाडली बहना के रूप में हमेशा प्रोत्साहित किया है। उन्होंने लाडली बहना को हमेशा मौके दिए हैं। मुंबई के लिए महिला नेतृत्व होना चाहिए। शायना एनसी का कहना है कि विपक्ष बौखलाहट में है और अफवाह फैलाता है। उनकी नाव डूब चुकी है।

उन्होंने कहा कि कल्याण-डोंबीवली में श्रीकांत शिंदे का वर्चस्व अधिक है। तमाम पार्षद उनके पास आकर बोले कि उन्हें समर्थन देना है। इसमें कोई राजनीति नहीं है। स्थानीय मुद्दे पर लोग अपने नेता और ऐसी पार्टी को नेतृत्व देना चाहते हैं जो मजबूत है।

बांग्लादेश की क्रिकेट टीम के भारत में आकर न खेलने पर उन्होंने कहा कि आईसीसी या बीसीसीआई जो भी फैसला लेते हैं, सोच-समझकर लेते हैं। इसमें कोई राजनीति नहीं है और न ही इसमें किसी तरह का विवाद होना चाहिए।

बता दें कि महाराष्ट्र सरकार में मंत्री रह चुके राज पुरोहित पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका इलाज मुंबई के एक अस्पताल में चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनके निधन पर दुख जताया।

सीएम फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "भाजपा के सीनियर लीडर और हम सबके करीबी दोस्त, राज पुरोहित के निधन की खबर बहुत दुखद है। उनके निधन से भाजपा और पूरे मित्र परिवार ने एक दिल को छू लेने वाली पर्सनैलिटी खो दी है। विधायक, प्रदेश अध्यक्ष और भाजपा के मुंबई प्रेसिडेंट के तौर पर उन्होंने अलग-अलग रोल में पार्टी को बढ़ाने में बहुत बड़ा योगदान दिया।"

News Tv India हिंदी News Tv India डेस्क प्रतिष्ठित पत्रकारों की पहचान है। इससे कई पत्रकार देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत की खबरें साझा करते हैं।