एशियन गेम्स 2026 के दूसरे दिन भारत ने चार और मेडल अपने नाम किए. शूटिंग में भारत को तीन मेडल मिले, जबकि मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका तारियाल ने ब्रॉन्ज जीतकर इतिहास रच दिया. इसके साथ ही भारत की कुल पदक संख्या छह हो गई है. इनमें चार सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं. हालांकि भारत को अब भी अपने पहले गोल्ड मेडल का इंतजार है.
शूटिंग में हिमांशु और रुद्रांक्ष ने रचा कमाल
पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में भारतीय निशानेबाजों का दबदबा देखने को मिला. हिमांशु ढिल्लों ने व्यक्तिगत स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता, जबकि रुद्रांक्ष पाटिल ने ब्रॉन्ज अपने नाम किया.
चीन के शेंग लिहाओ ने 254.2 अंक के साथ गोल्ड जीता. हिमांशु ने 252.4 अंक हासिल किए, जबकि रुद्रांक्ष 230.9 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे.
इससे पहले हिमांशु ढिल्लों, रुद्रांक्ष पाटिल और पार्थ माने की भारतीय टीम ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भी सिल्वर मेडल जीता था. इस तरह दूसरे दिन शूटिंग से भारत की झोली में 3 मेडल आए।
सुचिका तारियाल ने MMA में रचा इतिहास
मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका तारियाल ने महिलाओं की Traditional-60 किग्रा कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल जीता. यह एशियन गेम्स में मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में भारत का पहला पदक है.
सेमीफाइनल मुकाबले में सुचिका का सामना सिंगापुर की विक्टोरिया तेओ से हुआ. मुकाबला ड्रॉ रहा था, लेकिन वजन के मामूली अंतर के कारण सुचिका फाइनल में जगह नहीं बना सकीं. इसके बावजूद उनका ब्रॉन्ज मेडल भारतीय MMA के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि रहा.
टेबल टेनिस में भारत ने पाकिस्तान को हराया
टेबल टेनिस में भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने पाकिस्तान के खिलाफ 3-0 की जीत दर्ज की. पुरुष टीम में जी साथियान, हरमीत देसाई और पायस जैन ने जीत हासिल की, जबकि महिला टीम में सुतीर्था मुखर्जी, सिंड्रेला दास और श्रीजा अकुला ने पाकिस्तान को मात दी.
हॉकी, कबड्डी और वुशु में भी भारतीय खिलाड़ियों का दम
दूसरे दिन भारत को हॉकी और कबड्डी में भी जीत मिली. भारतीय महिला हॉकी टीम ने इंडोनेशिया के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज की, जबकि पुरुष कबड्डी टीम ने जापान के खिलाफ मुकाबला जीता.
वुशु में आर्यन और रोशिबिना देवी अपने-अपने मुकाबले जीतकर पदक की दौड़ में बने हुए हैं। वहीं भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने बांग्लादेश को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई.
भारत को अब पहले गोल्ड का इंतजार
एशियन गेम्स के दो दिन पूरे होने के बाद भारत के खाते में छह मेडल हैं. शूटिंग ने अब तक पदक अभियान में अहम भूमिका निभाई है और MMA में भी भारत ने पहली बार पोडियम हासिल किया है.