प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने स्वयं उनकी अगवानी की। वहीं होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों ने 'मोदी-मोदी' के नारों के बीच उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

भारतीय समुदाय से मिले प्रधानमंत्री

जकार्ता में होटल पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की और उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान प्रवासी भारतीयों में खासा उत्साह देखने को मिला।

प्रधानमंत्री ने स्वागत समारोह के दौरान आयोजित कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आनंद लिया और कलाकारों की सराहना की।

भरतनाट्यम और बौद्ध विरासत की झलक

प्रधानमंत्री मोदी ने भरतनाट्यम की प्रस्तुति देखने के बाद सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि यह देखकर खुशी हुई कि भारतीय शास्त्रीय कलाओं को विदेशों में भी समर्पण के साथ संरक्षित और प्रस्तुत किया जा रहा है।

उन्होंने 'होमेज टू द ट्रिपल जेम' शीर्षक से प्रस्तुत कार्यक्रम की भी प्रशंसा की, जिसमें भगवान बुद्ध की शिक्षाओं और बौद्ध परंपरा को कलात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इंडोनेशिया में बौद्ध विरासत को जिस समर्पण के साथ संरक्षित किया जा रहा है, वह सराहनीय है।

रामायण पर आधारित प्रस्तुति ने भी किया प्रभावित

प्रधानमंत्री मोदी ने रामायण की कथा पर आधारित पारंपरिक शैडो पपेट्री (छाया कठपुतली) का भी अवलोकन किया। इस सांस्कृतिक प्रस्तुति में भारत और इंडोनेशिया के साझा सांस्कृतिक संबंधों की झलक देखने को मिली।

2018 के बाद पहली द्विपक्षीय यात्रा

यह प्रधानमंत्री मोदी की 2018 के बाद इंडोनेशिया की पहली द्विपक्षीय यात्रा है। वर्ष 2018 में दोनों देशों ने अपने संबंधों को 'कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप' के स्तर तक विस्तारित किया था।

प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ उनकी वार्ता में आर्थिक, रणनीतिक, सांस्कृतिक और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी।

प्रम्बानन मंदिर भी जाएंगे प्रधानमंत्री

अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी योग्याकार्ता स्थित प्रम्बानन मंदिर परिसर का भी दौरा करेंगे। इसे भारत और इंडोनेशिया के साझा सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत संबंधों का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जाता है।

एयरपोर्ट पर विशेष सम्मान

भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के अनुसार, एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ इंडोनेशिया सरकार के चार मंत्रियों ने भी प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। इसके अलावा इंडोनेशियाई वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने प्रधानमंत्री के विमान को इंडोनेशियाई हवाई क्षेत्र में प्रवेश के दौरान एस्कॉर्ट भी किया, जो विशेष राजकीय सम्मान का प्रतीक माना जाता है।