लखनऊ :उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में खेलों के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर खुशी जताते हुए एक विशेष संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास के साथ-साथ खेलों में भी देश का नंबर-1 राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि “मैदान की मिट्टी केवल जीत और हार नहीं सिखाती, बल्कि हर चुनौती के बाद दोबारा उठकर आगे बढ़ना भी सिखाती है।”
खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर जताया गर्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा, अनुशासन और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने 65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पहली बार उत्तर प्रदेश की पुरुष टीम के चैंपियन बनने और 20 पदक जीतने को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
इसके अलावा अंडर-18 हॉकी एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम में उत्तर प्रदेश के पांच खिलाड़ियों के योगदान की भी सराहना की।
इन खिलाड़ियों का किया विशेष उल्लेख
मुख्यमंत्री ने क्रिकेटर दीप्ति शर्मा, पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता प्रवीण कुमार, भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी, पैरा एथलीट सिमरन शर्मा और युवा खिलाड़ी वंशिका अग्रवाल की उपलब्धियों पर प्रदेश को गर्व होने की बात कही।
खेल संस्कृति विकसित करने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि चैंपियन एक दिन में तैयार नहीं होते और खेल संस्कृति भी रातोंरात विकसित नहीं होती। इसके लिए निरंतर प्रयास, बेहतर प्रशिक्षण और मजबूत खेल ढांचे की आवश्यकता होती है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के कौशल विकास और आधुनिक खेल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।
गांव से लेकर मंडल तक तैयार होगा खेल ढांचा
मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य सरकार हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान, हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम और हर जनपद में आधुनिक स्टेडियम विकसित कर रही है। वहीं मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में हर मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे, ताकि खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
अभिभावकों से भी की अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभिभावकों से बच्चों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण, सकारात्मक सोच और टीम भावना विकसित करते हैं तथा यही मूल्य विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण की मजबूत नींव बनेंगे।