लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के दो दिवसीय लखनऊ प्रवास को लेकर भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि उनका दौरा संगठन को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा किए गए ट्वीट पर भी प्रतिक्रिया दी।
'राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करता हूं'
बृजभूषण राजपूत ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन दो दिन के प्रवास पर लखनऊ आए हैं और वह उनका अभिनंदन करते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का संवाद संगठन को नई ऊर्जा देगा।
अखिलेश यादव के ट्वीट पर क्या बोले?
अखिलेश यादव द्वारा नितिन नबीन के रोड शो को लेकर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक ने कहा कि सपा अध्यक्ष को कार्यक्रम की पूरी जानकारी नहीं थी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष लखनऊ में कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए आए थे और सम्मेलन में केवल आमंत्रित कार्यकर्ता एवं संगठन के पदाधिकारी ही मौजूद थे।
'2027 में फिर भाजपा की सरकार बनेगी'
भाजपा विधायक ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और संगठन पदाधिकारियों के साथ अपने राजनीतिक जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ता उनके मार्गदर्शन में काम करेंगे और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर से जीत दर्ज करेगी।
हिंदू और सनातन के मुद्दे पर भी रखी बात
बृजभूषण राजपूत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित और देश के व्यापक हित को ध्यान में रखकर राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि यदि हिंदुओं की सुरक्षा और उनके धार्मिक स्थलों की बात की जाती है तो इसमें किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता के बाद लंबे समय तक सत्ता में रही सरकारें हिंदू मंदिरों और देवी-देवताओं को वह सम्मान नहीं दे सकीं, जिसकी अपेक्षा की जाती थी।
अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
भाजपा विधायक ने अखिलेश यादव पर भी टिप्पणी करते हुए सवाल उठाया कि यदि वह स्वयं हिंदू हैं तो हिंदू समाज से जुड़े मुद्दों का विरोध क्यों करते हैं।