बरुण कुमार / जहानाबाद : सड़क सुरक्षा को लेकर जहानाबाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार को पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार स्वयं सड़क पर उतरे और विशेष वाहन जांच अभियान का नेतृत्व किया। अभियान के दौरान 50 से अधिक वाहनों की जांच की गई। बिना हेलमेट वाहन चलाने, आवश्यक दस्तावेज नहीं रखने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान काटे गए।
एसपी ने मौके पर मौजूद लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
बिना हेलमेट और दस्तावेजों की कमी पर कार्रवाई
जांच अभियान के दौरान पुलिस ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज नहीं रखने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। कई वाहन चालकों से जुर्माना वसूला गया।
एसपी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक मौतें हेलमेट नहीं पहनने के कारण होती हैं। यदि दोपहिया वाहन चालक नियमित रूप से हेलमेट का उपयोग करें तो गंभीर हादसों में जान बचाई जा सकती है।
नंबर प्लेट पर नाम लिखना भी कानून का उल्लंघन
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सभी वाहनों की नंबर प्लेट निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। नंबर प्लेट पर नाम, पदनाम, राजनीतिक या धार्मिक संदेश अथवा किसी प्रकार का प्रचार लिखना मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन है।
उन्होंने कहा कि यह नियम सभी नागरिकों पर समान रूप से लागू होता है, चाहे वह पुलिस अधिकारी हो, सरकारी कर्मचारी हो या आम व्यक्ति।
ट्रिपल राइडिंग और तेज रफ्तार पर भी सख्ती
एसपी ने ट्रिपल राइडिंग और ओवरस्पीडिंग को सड़क हादसों का प्रमुख कारण बताते हुए ऐसे मामलों में चालान के साथ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वाहन भी जब्त किए जाएंगे।
चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की गई।
पूरे जिले में चलेगा विशेष अभियान
एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में जिले के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने वाहन चालकों से सभी दस्तावेज अपडेट रखने, हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
CCTV कैमरों की होगी समीक्षा
अभियान के दौरान एसपी ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिन कैमरों में तकनीकी खराबी है या जो रिकॉर्डिंग नहीं कर रहे हैं, उन्हें जल्द ठीक कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और मामलों के त्वरित अनुसंधान में सीसीटीवी कैमरे बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए जिले के सभी कैमरों को सुचारु रूप से संचालित रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।