बरुण कुमार / जहानाबाद : राष्ट्रीय क्षयरोग (टीबी) उन्मूलन अभियान को गति देने के उद्देश्य से भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जहानाबाद की ओर से रविवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। रेडक्रॉस भवन, पश्चिम गांधी मैदान स्थित सभागार में जिले के करीब 200 टीबी मरीजों को मासिक खाद्य पैकेट और पोषण किट वितरित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी सह रेडक्रॉस सोसायटी की अध्यक्ष छिरिड़ वाई भूटिया ने किया। इस दौरान रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।

डीएम बोले- टीबी पूरी तरह ठीक होने वाली बीमारी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान और बिहार सरकार के संकल्प के अनुरूप जहानाबाद जिले में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि टीबी गंभीर बीमारी जरूर है, लेकिन समय पर पहचान और नियमित इलाज से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।

उन्होंने मरीजों से अपील की कि वे दवाएं बीच में न छोड़ें, चिकित्सकों की सलाह का पालन करें और पौष्टिक भोजन के साथ स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।

मुफ्त जांच और इलाज की उपलब्ध है सुविधा

जिलाधिकारी ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में टीबी की जांच, दवाएं और उपचार पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध हैं। जरूरतमंद मरीजों तक दवाएं पहुंचाने की भी व्यवस्था की गई है, ताकि उपचार में किसी प्रकार की बाधा न आए।

उन्होंने कहा कि प्रशासन पोषण किट को और अधिक उपयोगी बनाने की दिशा में भी काम कर रहा है, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान पूरे महीने तक पर्याप्त पोषण मिल सके।

छह महीने तक पौष्टिक आहार जरूरी

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कार्यक्रम में बताया कि टीबी के मरीजों के लिए नियमित दवा के साथ संतुलित और पौष्टिक आहार बेहद जरूरी है। उपचार की पूरी अवधि के दौरान मरीजों को डॉक्टर की सलाह का पालन करना चाहिए और दवा बीच में बंद नहीं करनी चाहिए।

लोगों से सहयोग की अपील

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति में लगातार खांसी, वजन कम होना, बुखार या अन्य लक्षण दिखाई दें तो तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। समय पर जांच और इलाज से टीबी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने कहा कि ‘टीबी मुक्त जहानाबाद’ केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से सफल होने वाला मिशन है। प्रशासन ने लोगों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।