राजगढ़: राजगढ़ विकास खंड की पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर खंड विकास अधिकारी कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक आयुक्त एवं खंड विकास अधिकारी उमेश शर्मा ने की।
बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा के साथ पंचायत प्रतिनिधियों को नई योजनाओं की जानकारी दी गई और लंबित परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
34 ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि हुए शामिल
बैठक में राजगढ़ विकास खंड की सभी 34 ग्राम पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक और ग्राम रोजगार सेवकों ने भाग लिया।
अधिकारियों ने विभिन्न मदों के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और जिन परियोजनाओं में देरी हो रही है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके लिए प्रत्येक पंचायत को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन की दी जानकारी
बैठक में हाल ही में शुरू हुए ‘विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने योजना के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले विकास कार्यों की जानकारी साझा करते हुए पंचायत प्रतिनिधियों को इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कई योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, सांसद निधि, विधायक निधि तथा पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
इसके अलावा आगामी 5 जुलाई को आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं की तैयारियों, एजेंडे और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।
गुणवत्ता और पारदर्शिता पर दिया जोर
खंड विकास अधिकारी उमेश शर्मा ने कहा कि पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मचारियों से समन्वय के साथ कार्य करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ही गांवों में समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।