Assembly Bypolls 2026 : देश के तीन राज्यों की तीन विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए 30 जुलाई (गुरुवार) को मतदान होगा। जिन सीटों पर वोट डाले जाएंगे, उनमें बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट शामिल हैं। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, इन तीनों सीटों के नतीजे 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे।

तीनों राज्यों में मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Assembly Bypolls 2026: किन सीटों पर किसके बीच मुकाबला?

बिहार: बांकीपुर सीट

बांकीपुर विधानसभा सीट पर मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर चुनाव मैदान में हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा गुप्ता को अपना प्रत्याशी बनाया है।

इस सीट पर कुल 25 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। यहां 3,79,616 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के लिए 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

मध्य प्रदेश: दतिया सीट

दतिया विधानसभा सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच माना जा रहा है।

इस सीट पर मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2,20,410 मतदाता हैं, जिनमें 1,16,116 पुरुष, 1,04,284 महिलाएं और 10 अन्य मतदाता शामिल हैं।

मतदान के लिए 291 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 185 ग्रामीण और 106 शहरी केंद्र हैं। प्रशासन के अनुसार, 233 क्रिटिकल और 28 संवेदनशील (वल्नरेबल) मतदान केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

गुजरात: मांजलपुर सीट

गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर मुकाबला भाजपा के सतीश पटेल और कांग्रेस के भीखाभाई रबारी के बीच है। भीखाभाई रबारी गुजरात कांग्रेस के उपाध्यक्ष और पूर्व राज्य मंत्री भी रह चुके हैं।

इस सीट पर 2.60 लाख से अधिक मतदाता मतदान करेंगे। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा के योगेशभाई नरनदास पटेल विजयी हुए थे।

सीटें खाली क्यों हुईं?

तीनों विधानसभा सीटों पर अलग-अलग कारणों से उपचुनाव कराए जा रहे हैं।

  • बिहार की बांकीपुर सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई।
  • मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद अयोग्य घोषित किया गया, जिसके चलते उपचुनाव हो रहा है।
  • गुजरात की मांजलपुर सीट भाजपा विधायक योगेशभाई नरनदास पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई।

मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम

चुनाव आयोग ने कहा है कि सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) के माध्यम से मतदान कराया जाएगा।

बांकीपुर में केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों और बिहार पुलिस की तैनाती की गई है। प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा के लिए केंद्रीय बलों की 14 कंपनियां, स्टैटिक और वीडियो सर्विलांस टीमें तथा सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

मध्य प्रदेश के दतिया में भी मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री वितरित कर दी गई है और सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।