Indian Idol 16 Winner की विजेता ज्योतिर्मयी नायक को ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अपने आधिकारिक आवास पर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए ₹5 लाख के नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ज्योतिर्मयी ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा से ओडिशा का गौरव बढ़ाया है।

सम्मान समारोह के दौरान ज्योतिर्मयी ने मुख्यमंत्री को अपनी इंडियन आइडल ट्रॉफी दिखाई और प्रतियोगिता जीतने तक के अपने सफर के बारे में जानकारी दी। उन्होंने वर्षों की मेहनत, संघर्ष और समर्पण को अपनी सफलता का आधार बताया।

Indian Idol 16 Winner: मुख्यमंत्री ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद, ज्योतिर्मयी की प्रतिभा और लगातार किए गए प्रयासों की बदौलत उन्हें राष्ट्रीय पहचान मिली है। उन्होंने उन्हें नई पीढ़ी के उभरते गायकों के लिए प्रेरणा बताते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे ओडिशा के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ज्योतिर्मयी की उपलब्धि केवल संगीत तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्होंने समाज सेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है।

म्यूजिक थेरेपी के काम की भी सराहना

मुख्यमंत्री ने ज्योतिर्मयी द्वारा ओडिशा के कई अस्पतालों में कैंसर मरीजों के लिए म्यूजिक थेरेपी से जुड़े प्रयासों की भी प्रशंसा की। उनके अनुसार, संगीत के माध्यम से मरीजों को मानसिक और भावनात्मक सहारा देने की यह पहल सराहनीय है और स्वास्थ्य सेवाओं में नई सोच को प्रेरित कर सकती है।

उन्होंने कहा कि प्रतिभा और सामाजिक सेवा का यह संयोजन ज्योतिर्मयी को युवाओं के लिए एक आदर्श बनाता है।

ओडिशा के लोगों का भी जताया आभार

मुख्यमंत्री ने इंडियन आइडल के पूरे सफर में ज्योतिर्मयी को मिले जनसमर्थन के लिए ओडिशा के लोगों का भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उनकी जीत ने राष्ट्रीय स्तर पर राज्य की सांस्कृतिक और संगीत प्रतिभा को नई पहचान दिलाई है।

इस सम्मान समारोह में ज्योतिर्मयी के माता-पिता चक्रधर नायक और गौरी नायक भी उपस्थित रहे।

ज्योतिर्मयी ने सफलता का श्रेय किसे दिया?

आईएएनएस से बातचीत में ज्योतिर्मयी नायक ने अपनी सफलता का श्रेय महाप्रभु जगन्नाथ और अपने माता-पिता को दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा विश्वास था कि भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद से वह हर चुनौती का सामना कर सकेंगी।

उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि जीवन में कभी हार नहीं माननी चाहिए। लगातार मेहनत और धैर्य के साथ आगे बढ़ने पर एक दिन सपने जरूर पूरे होते हैं।