मुकेश कुमार सिंह/ हाजीपुर: Vaishali में शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। वैशाली पुलिस और मद्य निषेध विभाग ने ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत सदर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक ट्रक से 6132 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
Operation Neelkanth में ऐसे पकड़ी गई शराब की खेप
पुलिस के अनुसार, तस्करों ने ट्रक में शराब छिपाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया था। ट्रक के ऊपरी हिस्से में जीरा पानी की बोतलें रखी गई थीं, जबकि उनके नीचे बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने पूरे ट्रक की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।
चालक और खलासी मौके से फरार
वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दो शराब माफिया चिन्हित, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
एसपी ने बताया कि मामले में दो शराब माफियाओं की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है ताकि शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान
बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद पुलिस और मद्य निषेध विभाग लगातार संयुक्त अभियान चला रहे हैं। ऑपरेशन नीलकंठ भी इसी अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत राज्य में अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।