बालोतरा से PM मोदी का बड़ा संदेश, वसुंधरा राजे का लिया नाम; नर्मदा जल समझौते को किया याद

राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में ₹1.06 लाख करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने गुजरात और राजस्थान के बीच हुए नर्मदा जल समझौते को याद करते हुए कहा कि दोनों राज्यों ने सहयोग और विश्वास के साथ जल संकट के समाधान की दिशा में काम किया था।

प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब राजस्थान की राजनीति में भाजपा के संगठनात्मक समीकरणों को लेकर लगातार चर्चाएं होती रही हैं। राजनीतिक विश्लेषक इसे पार्टी के भीतर एकजुटता का संदेश मानकर देख रहे हैं।

नर्मदा जल समझौते का किया उल्लेख

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में कहा कि राजस्थान लंबे समय तक जल संकट से जूझता रहा, लेकिन पूर्ववर्ती सरकारें इस दिशा में प्रभावी समाधान नहीं निकाल सकीं।

उन्होंने कहा,

उन्होंने इसे सहकारी संघवाद और भाजपा की "राष्ट्र प्रथम" सोच का उदाहरण बताया।

'बहन वसुंधरा राजे' कहकर किया संबोधित

प्रधानमंत्री ने पचपदरा रिफाइनरी परियोजना के शुरुआती चरण का जिक्र करते हुए मंच से कहा, "बहन वसुंधरा राजे और मैंने मिलकर..."। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में पूर्व मुख्यमंत्री के योगदान का सार्वजनिक उल्लेख सभा का प्रमुख राजनीतिक संदेश माना गया।

सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के इस बयान का स्वागत किया।

जयपुर से वर्चुअली जुड़ीं वसुंधरा राजे

प्रधानमंत्री मोदी के बालोतरा कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे जयपुर में आयोजित एक कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़ीं। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व और विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की पहचान रखती है।

राजे ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के कारण राजस्थान में आधारभूत ढांचे और विकास परियोजनाओं को नई गति मिली है।

जयपुर मेट्रो विस्तार का किया स्वागत

अपने संबोधन में वसुंधरा राजे ने जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि 50 किलोमीटर से अधिक विस्तारित नेटवर्क राजधानी की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा और आम लोगों के साथ-साथ औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों को भी इसका लाभ मिलेगा।

54 हजार युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित लगभग 54 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई पीढ़ी राजस्थान के विकास को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा मंच से वसुंधरा राजे का उल्लेख और दूसरी ओर राजे द्वारा सार्वजनिक रूप से प्रधानमंत्री के विकास दृष्टिकोण की सराहना को राजनीतिक हलकों में महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि भाजपा की ओर से इस पर कोई अलग आधिकारिक राजनीतिक टिप्पणी नहीं की गई है, लेकिन विश्लेषकों का मानना है कि यह पार्टी के भीतर समन्वय और वरिष्ठ नेतृत्व के सम्मान का संदेश देने वाला घटनाक्रम है।