सफलता की बुलंदियों पर पहुंचने के बाद अक्सर लोग अपने सुख-आराम की दुनिया में सिमट जाते हैं। मगर समाज में कुछ ऐसे असाधारण व्यक्तित्व भी जन्म लेते हैं, जो लाखों-करोड़ों के कॉर्पोरेट पैकेज और ऐशो-आराम को ठोकर मारकर गरीबों के आंसू पोंछने और समाज को न्याय दिलाने का कठिन रास्ता चुनते हैं। फलोदी में इन दिनों अपने कड़े प्रशासनिक तेवरों और जनहितैषी निर्णयों से चर्चा के केंद्र में बने अपर जिला न्यायाधीश (ADJ) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. अजय कुमार बिश्नोई की जीवन यात्रा किसी प्रेरणादायक फिल्म से कम नहीं है। अदालत के भीतर जहां वे कानून के सख्त रखवाले के रूप में नजर आते हैं, वहीं निजी जीवन में वे बेहद सरल, आध्यात्मिक और मानवीय संवेदनाओं से ओत-प्रोत इंसान हैं।

राजस्थान की मरुधरा से जुड़े डॉ. अजय कुमार बिश्नोई का जन्म 3 अक्टूबर को हुआ। बचपन से ही विलक्षण प्रतिभा के धनी रहे डॉ. बिश्नोई की गिनती आज देश के सबसे उच्च शिक्षित न्यायाधीशों में होती है। राजस्थान विश्वविद्यालय से रसायन शास्त्र में एमएससी (M.Sc.) करने के बाद, अधिवक्ता पिता से प्रेरित होकर उन्होंने बीकानेर विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री (LL.B.) हासिल की। लेकिन ज्ञान की प्यास उन्हें वापस जयपुर ले आई, जहां उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से हेटरोसाइक्लिक केमिस्ट्री जैसे गूढ़ विषय में पीएचडी (Ph.D.) शुरू की। इसी बीच अपनी मेधा के दम पर उन्होंने भारत सरकार की महारत्न कंपनी 'गेल इंडिया' (GAIL) में वरिष्ठ भू-वैज्ञानिक (एक्सप्लोरेशन एंड प्रोडक्शन) के एकमात्र प्रतिष्ठित पद पर चयन पाया। अपनी पढ़ाई और सेवा के दौरान उन्होंने CSIR JRF, GATE और प्रतिष्ठित श्यामा प्रसाद मुखर्जी फेलोशिप (SPM) जैसी कठिन परीक्षाएं पास कीं, और रसायन शास्त्र में कुल 12 बार NET-JRF उत्तीर्ण कर एक अनूठा कीर्तिमान रचा। मार्च 2007 से जुलाई 2015 तक नई दिल्ली में कॉर्पोरेट जगत की शीर्ष नौकरी करते हुए उन्होंने अपनी पीएचडी पूरी की और कई अंतरराष्ट्रीय शोध-पत्र भी प्रकाशित कराए। इसके बावजूद, उनके भीतर का संवेदनशील मन उन्हें वंचितों को न्याय दिलाने के लिए पुकारता रहा। इसी जुनून ने उन्हें भू-वैज्ञानिक का पद छोड़कर 2013 बैच का राजस्थान न्यायिक सेवा (RJS) अधिकारी बना दिया।
न्यायपालिका में कदम रखने के बाद डॉ. बिश्नोई ने अपनी कार्यशैली से हर शहर में एक अमिट छाप छोड़ी। सूरतगढ़ में अपने शुरुआती कार्यकाल में ही उन्होंने आधी सदी यानी 50 साल से लंबित पड़े जटिल मुकदमों का निस्तारण कर सबको चौंका दिया। इसके बाद जोधपुर में महानगर मोबाइल मजिस्ट्रेट रहते हुए उन्होंने रसूखदारों के ओवरलोड पत्थर के वाहनों की शहर में नो-एंट्री सुनिश्चित की और यातायात नियम तोड़ने वाले 37 पुलिसकर्मियों के एक साथ चालान काटकर यह संदेश दे दिया कि कानून सबके लिए बराबर है। जोधपुर की सड़कों से अवैध वीआईपी (VIP) प्लेटें हटवाने का श्रेय भी उन्हें ही जाता है। आगे चलकर जोधपुर महानगर और जैसलमेर के पोकरण में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM) रहते हुए उन्होंने सुबह जल्दी अदालत पहुंचकर और देर शाम तक सुनवाई कर वर्षों से लंबित मुकदमों का अंबार खत्म किया। वे तपती दोपहरी में खुद गांवों तक जाकर विधिक शिविर लगाते और लोक अदालतों के जरिए आपसी समझाइश से विवाद सुलझाते। कोटपूतली में पदस्थापन के दौरान, पावटा और तीन अन्य न्यायालयों का अतिरिक्त प्रभार संभालते हुए उन्होंने 10 साल से अधिक पुराने सैकड़ों मामलों का निपटारा किया।

डॉ. बिश्नोई को 'त्वरित न्याय' का पर्याय माना जाता है। पावटा में चोरी के एक मामले में उन्होंने आरोप-पत्र दाखिल होने के दिन ही बिना लंच ब्रेक लिए लगातार सुनवाई की और 7 गवाहों के बयान व 50 दस्तावेजों की जांच कर उसी दिन दोषियों को सजा सुनाकर इतिहास रच दिया। मई 2026 में राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा पदोन्नत होकर जब उन्होंने फलोदी में एडीजे और डीएलएसए सचिव का कार्यभार संभाला, तो यहां भी व्यवस्था सुधार का महा-अभियान शुरू हो गया। उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा के लिए 50 से ज्यादा बसें सीज कीं और बच्चों की जान जोखिम में डालने वाली निजी बाल वाहिनियों पर शिकंजा कसा। फलोदी के सरकारी अस्पतालों और मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुधारने के साथ-साथ उन्होंने दीपावली से पूर्व तंग गलियों से पटाखा बाजार को बाहर शिफ्ट करवाया और मिलावटी मिठाई-मावे के खिलाफ मुख्य चिकित्सा अधिकारी के जरिए सख्त कार्रवाई शुरू करवाई। वे खुद सरकारी स्कूलों में जाकर बिजली, पानी और कक्षाओं की सुरक्षा जांच रहे हैं। अब राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की अनुमति से वे 'संकल्प-नशा मुक्ति फलोदी' अभियान शुरू करने जा रहे हैं, जिसके तहत अवैध शराब और अफीम, एमडी, स्मैक व हेरोइन जैसे नशे के सौदागरों पर सीधा प्रहार किया जाएगा।
कठोर प्रशासक की छवि के पीछे डॉ. बिश्नोई एक बेहद विनम्र और जमीन से जुड़े व्यक्ति हैं। वे वीआईपी संस्कृति से दूर रहकर अपना खाली समय युवाओं का मार्गदर्शन करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण करने में बिताते हैं। अदालत में आने वाले हर बुजुर्ग और असहाय पीड़ित को वे परिवार के सदस्य जैसा सम्मान और संबल देते हैं। धरती के गर्भ से तेल और गैस खोजने वाला यह वैज्ञानिक आज समाज से अपराध और अन्याय की गंदगी साफ कर फलोदी के हर नागरिक के दिल में कानून के प्रति अटूट भरोसा जगा रहा है।