Rajasthan Panchayat Chunav को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश बीजेपी कार्यालय में बैठकों का दौर जारी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में पंचायत चुनावों की रणनीति, चुनावी समीकरणों और प्रत्याशियों के टिकट वितरण पर मंथन किया गया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
Rajasthan Panchayat Chunav के लिए संगठन स्तर पर रणनीति
पंचायत चुनावों में जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी संगठन स्तर पर रणनीति तैयार कर रही है। प्रत्याशियों के चयन से लेकर चुनाव प्रबंधन तक अलग-अलग पहलुओं पर चर्चा हो रही है। बीजेपी का फोकस निकाय चुनावों की सफलता को पंचायत चुनावों में भी दोहराने पर है।
जोगेश्वर गर्ग का कांग्रेस पर निशाना
मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आरोप लगाती थी कि प्रदेश में चुनाव नहीं होंगे, लेकिन अब वन स्टेट, वन इलेक्शन की अवधारणा के तहत चुनाव हो रहे हैं। गर्ग के अनुसार ग्रामीण इलाकों में माहौल अच्छा है और बीजेपी पंचायत चुनावों में जीत दर्ज करेगी।
कैलाश वर्मा बोले- माइक्रो मैनेजमेंट से उतरेगी पार्टी
बीजेपी विधायक कैलाश वर्मा ने Rajasthan Panchayat Chunav में निकाय चुनावों की तर्ज पर जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी माइक्रो मैनेजमेंट के जरिए चुनाव मैदान में उतरेगी। कांग्रेस के गांवों में मजबूत होने के आकलन को गलत बताते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी के संकल्प पत्र का आम जनता पर व्यापक प्रभाव पड़ा है।
वर्मा ने यह भी कहा कि सरकार हर वर्ग की चिंता करते हुए काम कर रही है और महिला, युवा और किसानों को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई जा रही हैं।
टिकट वितरण कैसे होगा
टिकट वितरण को लेकर वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और संगठन महामंत्री अजेय कुमार के नेतृत्व में प्रत्याशियों का चयन होगा। जिला अध्यक्षों और चुनाव प्रबंधन समितियों के समन्वय से नाम तय किए जा रहे हैं। चुनाव के चरणों के अनुसार प्रत्याशियों को सिंबल दिए जाएंगे।
अर्जुन राम मेघवाल का भरोसा
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी पंचायत चुनावों में बीजेपी की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी संगठन आधारित पार्टी है और यहां चिंतन-मंथन के बाद टिकट वितरण किया जाता है। उनके मुताबिक पार्टी पूरी रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी।