बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर जिले के महाजन क्षेत्र में मंगलवार को एक खेत में संदिग्ध ड्रोन जैसी वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया। यह वस्तु रामबाग माइनर के चक 3 आरबीएम स्थित कृषि भूमि में मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की।
किसानों ने पुलिस को दी सूचना
जानकारी के मुताबिक, खेत में काम कर रहे किसानों की नजर विमान जैसी दिखने वाली संदिग्ध वस्तु पर पड़ी। किसी अनहोनी की आशंका के चलते किसानों ने तुरंत महाजन पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध वस्तु को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
सेना और आर्मी इंटेलिजेंस की टीम भी पहुंची
महाजन क्षेत्र में सेना की फील्ड फायरिंग रेंज होने के कारण मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस के साथ सेना के अधिकारी और आर्मी इंटेलिजेंस की टीम भी मौके पर पहुंची।
फिलहाल जांच की जा रही है कि यह वस्तु किसकी है और खेत तक कैसे पहुंची।
सीमावर्ती इलाका होने से बढ़ी सतर्कता
बीकानेर भारत-पाकिस्तान सीमा से लगा संवेदनशील जिला है। ऐसे में संदिग्ध ड्रोन जैसी वस्तु मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही हैं।
तकनीकी जांच के बाद सामने आएगी पूरी जानकारी
फिलहाल संदिग्ध वस्तु की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह वस्तु कहां से आई और इसके पीछे क्या वजह है।