पीएम मोदी और राष्ट्रपति लूला के बीच फोन पर चर्चा, 'ग्लोबल साउथ' को मजबूत करने पर बनी सहमति; लूला ने ट्रंप की कार्यशैली पर उठाए सवाल
प्रधानमंत्री मोदी ने ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा से व्यापार, रक्षा और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर बात की। इस दौरान राष्ट्रपति लूला ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 'सोशल मीडिया डिप्लोमेसी' पर तीखा कटाक्ष भी किया।
दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा से टेलीफोन पर बात की। दोनों नेताओं ने भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने और आने वाले वर्ष में इसे और ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
पिछले साल ब्रासीलिया और दक्षिण अफ्रीका में हुई बैठकों को याद करते हुए दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति पर संतोष व्यक्त किया, जिसमें व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी, रक्षा, ऊर्जा, स्वास्थ्य, कृषि और जनसम्पर्क शामिल हैं।