Shahjahanpur News : पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव के निधन से शाहजहांपुर के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। लंबे समय से बीमार चल रहे वीरेंद्र पाल सिंह यादव का दिल्ली स्थित एम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके बेटे अजय प्रताप सिंह यादव ने सोशल मीडिया के जरिए उनके निधन की जानकारी दी।
निधन की खबर मिलने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना बुधवार को नियामतपुर स्थित उनके आवास पहुंचे। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की।
सुरेश खन्ना ने बताया अपूरणीय क्षति
सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि वीरेंद्र पाल सिंह यादव का निधन राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि यादव ने सार्वजनिक जीवन में रहते हुए संगठन और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मंत्री ने कहा कि उनके निधन से जो रिक्तता पैदा हुई है, उसकी भरपाई आसान नहीं होगी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वह परिवार के साथ खड़े हैं।
परिवार से मिलकर जताई संवेदना
श्रद्धांजलि देने के दौरान सुरेश कुमार खन्ना ने दिवंगत नेता के परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
वीरेंद्र पाल सिंह यादव के निधन की खबर के बाद भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी शोक व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।