नई दिल्ली, स्पोर्ट्स डेस्क: महिला टी20 विश्व कप 2026 (Women's T20 World Cup 2026) में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए नीदरलैंड को 95 रन से हराकर इतिहास रच दिया। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इसके जवाब में नीदरलैंड की पूरी टीम 114 रन पर सिमट गई।

स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने दी शानदार शुरुआत

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) और शेफाली वर्मा (Shafali Verma) ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। शुरुआत से ही दोनों बल्लेबाजों ने नीदरलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और बड़े शॉट्स के जरिए रन गति को लगातार बढ़ाती रहीं।

स्मृति मंधाना ने 47 गेंदों में 74 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने कई आकर्षक शॉट लगाए। दूसरी ओर शेफाली वर्मा ने भी अपने आक्रामक अंदाज का परिचय देते हुए 38 गेंदों पर 55 रन बनाए और विपक्षी गेंदबाजों को खुलकर निशाना बनाया।

अंतिम ओवरों में ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा ने बढ़ाई रन गति

सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद भी भारतीय टीम की रन गति पर कोई असर नहीं पड़ा। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष (Richa Ghosh) ने महज आठ गेंदों में 20 रन बनाकर टीम को तेजी से 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

इसके बाद ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) ने आखिरी ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने अंतिम दो गेंदों पर 10 रन बटोरकर भारत का स्कोर 20 ओवर में 209 रन तक पहुंचा दिया। यह महिला टी20 विश्व कप में भारत का पहला 200 प्लस स्कोर भी बन गया।

लक्ष्य के दबाव में बिखर गई नीदरलैंड की टीम

210 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की शुरुआत धीमी रही। हालांकि टीम ने शुरुआती ओवरों में संभलकर बल्लेबाजी की, लेकिन बढ़ते रन रेट का दबाव बल्लेबाजों पर साफ दिखाई दिया।

फेबे मोल्कनबोआ ने 15 रन बनाए, जबकि कप्तान बोबेट डे लीडे ने 28 रन की पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की। लेकिन दूसरे छोर से उन्हें ज्यादा सहयोग नहीं मिला और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे।

गेंदबाजों ने जीत को बनाया यादगार

भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए बल्लेबाजों के प्रयास को यादगार बना दिया। नंदनी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने अहम मौकों पर विकेट लेकर नीदरलैंड की उम्मीदों को पूरी तरह खत्म कर दिया।

लगातार विकेट गिरने के कारण नीदरलैंड की टीम मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी और 114 रन पर ऑलआउट हो गई। इसके साथ ही भारत ने 95 रन से शानदार जीत दर्ज की।

महिला टी20 विश्व कप में भारत ने बनाया नया इतिहास

इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने महिला टी20 विश्व कप में रनों के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की है। वहीं 209 रन का स्कोर भी टूर्नामेंट में भारत का सर्वोच्च स्कोर बन गया है।

जिस तरह से भारतीय टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलित प्रदर्शन किया, उसने यह साफ कर दिया है कि टीम इंडिया (Team India Women) इस बार खिताब जीतने की मजबूत दावेदारों में शामिल है। यह जीत सिर्फ दो अंकों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे टूर्नामेंट की बाकी टीमों के लिए एक बड़ा संदेश भी है।