मुंबई: बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल कॉकटेल 2 (Cocktail 2) अब अपनी रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है। शाहिद कपूर (Shahid Kapoor), कृति सेनन (Kriti Sanon) और रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) की इस फिल्म को रिलीज से पहले सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से मंजूरी मिल गई है। खास बात यह है कि फिल्म को 'A' सर्टिफिकेट दिया गया है और इसमें किसी भी तरह का विजुअल कट नहीं लगाया गया है।

फिल्म के रोमांटिक और इंटिमेट सीन्स को बिना हटाए मंजूरी मिलने के बाद दर्शकों के बीच इसकी चर्चा और भी तेज हो गई है। 'कॉकटेल 2' 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

बिना किसी विजुअल कट के पास हुई Cocktail 2

सीबीएफसी (CBFC) ने फिल्म को एडल्ट ऑडियंस के लिए उपयुक्त मानते हुए 'A' सर्टिफिकेट जारी किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के किसी भी दृश्य में कट लगाने की जरूरत नहीं समझी गई।

हालांकि बोर्ड ने ऑडियो और सबटाइटल्स से जुड़े कुछ बदलाव करने के निर्देश दिए थे। इनमें एक विवादित रेफरेंस 'Jew on the run' को हटाने के लिए कहा गया। इसके अलावा 'अग्नि' शब्द को बदलकर 'दिया' करने और एक अपशब्द को सबटाइटल्स से हटाने का निर्देश दिया गया।

इन बदलावों के बाद 16 जून को फिल्म को आधिकारिक तौर पर A सर्टिफिकेट जारी कर दिया गया।

2 घंटे 29 मिनट लंबी है फिल्म

'कॉकटेल 2' (Cocktail 2) का रनटाइम 149.19 मिनट यानी 2 घंटे 29 मिनट 19 सेकंड है। यह फिल्म साल 2012 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म 'कॉकटेल' का सीक्वल है।

पहली फिल्म में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी और इसका संगीत भी काफी लोकप्रिय हुआ था।

होमी अदजानिया ने संभाली निर्देशन की कमान

पहली फिल्म की तरह इस बार भी निर्देशन की जिम्मेदारी होमी अदजानिया (Homi Adajania) ने संभाली है। फिल्म का निर्माण दिनेश विजान की Maddock Films और लव रंजन की Luv Films के बैनर तले किया गया है।

फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले तरुण जैन और लव रंजन ने लिखा है, जबकि संगीत की जिम्मेदारी मशहूर संगीतकार प्रीतम (Pritam) ने निभाई है।

कृति सेनन के करियर की पहली A-रेटेड फिल्म

'कॉकटेल 2' कृति सेनन के लिए एक खास उपलब्धि लेकर आई है। करीब 12 साल के फिल्मी करियर में यह उनकी पहली ऐसी फिल्म है जिसे A सर्टिफिकेट मिला है।

वहीं रश्मिका मंदाना के लिए यह दूसरी हिंदी फिल्म है, जिसे एडल्ट सर्टिफिकेशन मिला है। इससे पहले रणबीर कपूर के साथ उनकी फिल्म 'एनिमल' (Animal) को भी A सर्टिफिकेट मिला था।

शाहिद कपूर के नाम जुड़ी एक और A-रेटेड फिल्म

शाहिद कपूर के लिए यह कोई नई बात नहीं है। इससे पहले उनकी कई चर्चित फिल्मों को A सर्टिफिकेट मिल चुका है। इनमें 'कमीने' (Kaminey), 'उड़ता पंजाब' (Udta Punjab), 'कबीर सिंह' (Kabir Singh) और 'ब्लडी डैडी' (Bloody Daddy) जैसी फिल्में शामिल हैं।

अब 'कॉकटेल 2' भी इस सूची में शामिल हो गई है।

19 जून को सिनेमाघरों में होगी रिलीज

शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की तिकड़ी पहली बार बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाली है। रोमांस, ड्रामा और म्यूजिक से भरपूर 'कॉकटेल 2' को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि 2012 की ब्लॉकबस्टर 'कॉकटेल' की तरह इसका सीक्वल भी बॉक्स ऑफिस पर वही जादू दोहरा पाता है या नहीं।