केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 27 जून को गुजरात के गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर कन्वेंशन एंड एग्जीबिशन सेंटर से ‘भारत टैक्सी’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इसे देश की पहली सहकारिता आधारित चालक-स्वामित्व वाली राइड-हेलिंग सेवा बताया जा रहा है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ विजन को परिवहन और डिजिटल मोबिलिटी क्षेत्र तक विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

इस सेवा का सॉफ्ट लॉन्च दिसंबर 2025 में गुजरात में किया गया था। अब इसे औपचारिक रूप से राज्य के विभिन्न शहरों में शुरू किया जा रहा है।

ड्राइवर ही होंगे प्लेटफॉर्म के मालिक

भारत टैक्सी का संचालन सहकारिता मॉडल पर आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में किया जाएगा। इसकी सबसे बड़ी विशेषता ‘सारथी ही मालिक’ की अवधारणा है। इसके तहत टैक्सी चालक केवल सेवा देने वाले नहीं होंगे, बल्कि प्लेटफॉर्म के सहभागी और स्वामी भी बनेंगे। इसका उद्देश्य चालकों को बेहतर आय, स्वामित्व का अधिकार और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है।

आठ प्रमुख सहकारी संस्थाओं का सहयोग

भारत टैक्सी का संचालन सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड के माध्यम से किया जा रहा है। इस पहल को देश की आठ प्रमुख सहकारी संस्थाओं का सहयोग प्राप्त है, जिनमें एनसीडीसी, अमूल (जीसीएमएमएफ), एनडीडीबी, नाफेड, इफको, कृभको, नाबार्ड और एनसीईएल शामिल हैं।

इन शहरों में शुरू होगी सेवा

शुरुआती चरण में भारत टैक्सी की सेवा गुजरात के 14 प्रमुख शहरों में उपलब्ध होगी। इनमें अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट, द्वारका, सोमनाथ, वलसाड, आनंद, जामनगर, भावनगर, नडियाद, जूनागढ़, मेहसाणा और अमरेली शामिल हैं। सरकार का लक्ष्य अगले एक महीने के भीतर पूरे गुजरात में इस सेवा का विस्तार करना है।

शून्य कमीशन मॉडल और सामाजिक सुरक्षा

भारत टैक्सी शून्य-कमीशन मॉडल पर काम करेगी। इससे सेवा से होने वाली आय का बड़ा हिस्सा सीधे चालक तक पहुंचेगा। इसके साथ ही ड्राइवरों को बीमा, ऋण, पेंशन और विभिन्न सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा।

यात्रियों के लिए प्लेटफॉर्म पर बाइक, ऑटो और कैब जैसी विभिन्न परिवहन सेवाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही गुजरात पुलिस के सहयोग से सुरक्षित यात्रा व्यवस्था और सर्ज-फ्री प्राइसिंग मॉडल लागू करने का दावा किया गया है।

कार्यक्रम में होंगे कई प्रमुख अतिथि

शुभारंभ समारोह में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्री, सहकारिता मंत्रालय के अधिकारी, विभिन्न सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि और भारत टैक्सी से जुड़े 4,000 से अधिक सारथियों के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सारथियों को सम्मानित किया जाएगा और विभिन्न संस्थाओं के बीच समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान भी होगा।

देशव्यापी विस्तार की तैयारी

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, भारत टैक्सी से देशभर में करीब 37 लाख से अधिक ग्राहक जुड़ चुके हैं, जबकि लगभग 7 लाख सारथी प्लेटफॉर्म से जुड़े हैं। इनमें से 1.5 लाख से अधिक चालक गुजरात के बताए गए हैं। आने वाले वर्षों में इस सेवा का विस्तार देश के अन्य राज्यों और प्रमुख शहरों तक करने की योजना है।