Alwar : राजस्थान के अलवर जिले के जोधवास स्थित सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय में जर्जर भवन और शिक्षकों की कमी के विरोध में छात्रों और ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को स्कूल में ताला लगा दिया। अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शन सुबह करीब सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार को स्कूल के एक भवन की छत का एक हिस्सा गिर गया था। उस समय वहां कोई छात्र मौजूद नहीं था। ग्रामीणों के मुताबिक, स्कूल में वरिष्ठ शिक्षक के स्वीकृत छह पदों में से पांच खाली हैं।
दो भवन पहले ही असुरक्षित घोषित
ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल के दो भवनों को पहले ही असुरक्षित घोषित किया जा चुका है, लेकिन अभी तक उन्हें गिराया नहीं गया है। छत का हिस्सा गिरने की घटना के बाद छात्रों और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।
उनका कहना है कि स्कूल में 174 छात्र हैं, जबकि केवल तीन कक्षाएं हैं। बारिश के दौरान कक्षाओं की छत से पानी टपकने की शिकायत भी ग्रामीणों ने की है।
चार साल पहले हुआ उच्च माध्यमिक स्तर पर क्रमोन्नयन
ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल को उच्च माध्यमिक स्तर पर क्रमोन्नत हुए चार साल हो चुके हैं, लेकिन अभी तक व्याख्याताओं के पद स्वीकृत नहीं किए गए हैं।
प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गौरव अडानिया और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शकुंतला यादव स्कूल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने छात्रों और ग्रामीणों से प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे।
अधिकारियों ने की बातचीत
इसके बाद मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेश गुप्ता और अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी गजराज भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि शिक्षकों की कमी को देखते हुए स्कूल में अस्थायी रूप से सात शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि स्कूल भवन से संबंधित प्रस्ताव अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा को भेजा गया है।छात्रों और ग्रामीणों की मांग है कि जर्जर भवन को तत्काल ध्वस्त किया जाए और खाली पड़े शिक्षक पदों को जल्द भरा जाए।