CWG 2026 : कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। सोमवार देर रात (भारतीय समयानुसार) भारतीय खिलाड़ियों ने चार और पदक जीतकर देश की उपलब्धियों में इजाफा किया। इनमें पैरा एथलेटिक्स में शर्मिला का स्वर्ण पदक सबसे बड़ी उपलब्धि रही। इसके अलावा भारत ने एक कांस्य और दो रजत पदक भी जीते।

इन सफलताओं के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 10 हो गई है। भारतीय दल के खाते में अब 2 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य पदक हैं, जिससे वह पदक तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गया है।

CWG 2026: विमेंस शॉट पुट F57 में शर्मिला का गोल्ड

भारतीय पैरा एथलीट शर्मिला ने महिला शॉट पुट F57 स्पर्धा के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 9.81 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

उन्होंने अपने छह प्रयासों में 9.48, 9.58, 9.81, 9.17, 9.37 और 9.60 मीटर का प्रदर्शन किया। तीसरे प्रयास में किया गया 9.81 मीटर का थ्रो उनका सर्वश्रेष्ठ रहा, जो इस सीजन का उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (सीजन बेस्ट) भी है।

इस स्पर्धा में घाना की जिनाबु इसाह ने 8.65 मीटर के साथ रजत पदक जीता।

शिल्पा ने कांस्य पदक पर लगाया निशाना

इसी स्पर्धा में भारत की शिल्पा कंचुगरकोप्पालु शायला ने 7.26 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर कांस्य पदक हासिल किया।

उन्होंने अपने प्रयासों में 6.69, 6.95, 7.26, 6.91 और 7.09 मीटर का प्रदर्शन किया, जबकि उनका अंतिम प्रयास अमान्य रहा। इसके बावजूद 7.26 मीटर का थ्रो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ (पर्सनल बेस्ट) साबित हुआ।

हाई जंप में सर्वेश कुशारे को सिल्वर

पुरुष हाई जंप फाइनल में भारत के सर्वेश अनिल कुशारे ने 2.25 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता।

सर्वेश और जमैका के रोमेन बेकफोर्ड दोनों ने समान ऊंचाई पार की, लेकिन काउंटबैक नियम के आधार पर स्वर्ण पदक बेकफोर्ड के नाम रहा। इंग्लैंड के किमानी जैक ने 2.20 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता।

भारत के आदर्श राम ज्योति शंकर 2.15 मीटर की छलांग के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

वेटलिफ्टिंग में अजय बाबू ने जीता सिल्वर

पुरुषों की 79 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में भारत के वल्लूरी अजय बाबू ने रजत पदक हासिल किया।

अजय बाबू ने कुल 330 किलोग्राम वजन उठाया, जिसमें 149 किलोग्राम स्नैच और 181 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क शामिल रहे। स्नैच में उनका प्रदर्शन गेम्स रिकॉर्ड रहा।

मलेशिया के एरी हिदायत मुहम्मद ने कुल 331 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि इंग्लैंड के क्रिस मरे 325 किलोग्राम के साथ कांस्य पदक पर रहे।