चंडीगढ़: पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री स. हरजोत सिंह बैंस ने आज ट्राइसिटी से सटे कस्बों में शहरी बुनियादी ढांचे को उन्नत करने और जनहित सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का ऐलान किया। इन परियोजनाओं में नगर परिषद खरड़, डेराबस्सी, जीरकपुर, नयागांव, बनूड़, कुराली और घड़ूआं शामिल हैं।

म्यूनिसिपल भवन में कार्यकारी अधिकारियों (ई.ओज़.) के साथ चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए, मंत्री बैंस ने अधिकारियों को समय-सीमाओं का सख्ती से पालन करने और सभी परियोजनाओं की साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

250 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण और सौंदर्यीकरण

समीक्षा बैठक के बाद स. हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि सात कस्बों में इस समय 250 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। यह अभियान बुनियादी ढांचे के नवीनीकरण और शहरों की सुंदरता बढ़ाने पर केंद्रित है। प्रमुख सड़क कॉरिडोरों का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा, जिससे निवासियों को बेहतर संपर्क सुविधा मिल सके।

मंत्री ने जोर देकर कहा, “खरड़, डेराबस्सी, जीरकपुर, नयागांव, बनूड़, कुराली और घड़ूआं में 250 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण चल रहा है। हमारा लक्ष्य सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के साथ-साथ शहरों की सुंदरता बढ़ाना और निवासियों को बेहतर संपर्क सुविधा प्रदान करना है।”

पेयजल आपूर्ति और सीवरेज सुधार के लिए 50 नए ट्यूबवेल

शहरी स्थानीय निकायों में पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। मंत्री बैंस ने घोषणा की कि इन क्षेत्रों में 50 नए ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। इनमें से खरड़ में 15, जीरकपुर और नयागांव में 10-10, डेराबस्सी में 5, लालड़ू में 4, बनूड़ में 3 तथा कुराली में 1 ट्यूबवेल शामिल है।

उन्होंने यह भी बताया कि सफाई सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सीवरेज की सफाई का कार्य भी बड़े स्तर पर और युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। यह पहल शहरों में स्वच्छता और स्वास्थ्य मानकों को ऊंचा उठाने में सहायक होगी।

15 दिनों के भीतर प्राथमिकता वाली सड़क परियोजनाओं की शुरुआत के निर्देश

स. हरजोत सिंह बैंस ने शहरी स्थानीय निकायों को लोगों की सुविधा और शहरी यातायात के लिए चिन्हित की गई कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का कार्य अगले 15 दिनों के भीतर शुरू करने के सख्त निर्देश दिए। ये परियोजनाएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएंगी।

जिन प्रमुख सड़कों पर काम शुरू होगा, उनमें बनूड़ में अस्पताल से तेपला रोड; कुराली में रेलवे रोड, मुख्य बाजार रोड और बडाली रोड; जीरकपुर में सिंहपुरा की ओर अंबाला-चंडीगढ़ रोड और हाई ग्राउंड रोड; खरड़ में अस्पताल रोड और गोपाल स्वीट्स के निकट मुख्य एयरपोर्ट रोड; डेराबस्सी में हैबतपुर रोड; नयागांव में करोरां रोड और नाडा रोड तथा लालड़ू में बनूड़ से जलालपुर रोड और आई.टी.आई. से कौलिमाजरा रोड शामिल हैं।

जवाबदेही और समयबद्धता पर मंत्री का जोर

मंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि परियोजनाओं में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जवाबदेही सुनिश्चित करने और कार्य को समय पर पूरा करने पर जोर दिया। सभी चल रही परियोजनाओं की नियमित रूप से उच्च स्तरीय निगरानी की जाएगी और साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी।

स. बैंस ने कहा, “हम सड़क के हर किलोमीटर, हर ट्यूबवेल और हर समय-सीमा की निगरानी कर रहे हैं। पंजाब के लोग इस प्रगति के हकदार हैं। अनावश्यक देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।”

भगवंत मान सरकार की स्थायी बुनियादी ढांचे के प्रति प्रतिबद्धता

कैबिनेट मंत्री ने बुनियादी ढांचे के विकास के प्रति भगवंत मान सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान अस्थायी समाधानों के बजाय स्थायी और भविष्य के लिए तैयार शहरी बुनियादी ढांचा विकसित करने पर केंद्रित है।

उन्होंने कहा, “पैचवर्क का युग समाप्त हो गया है। हम भविष्य के लिए तैयार पंजाब का निर्माण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान का प्रशासनिक मॉडल पारदर्शी, समयबद्ध और बदलाव पर आधारित है।”