मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में महज 2 हजार रुपये के लेन-देन का विवाद एक युवक की जान पर भारी पड़ गया। जिले के रहीमपुर रक्सा गांव में गुरुवार को चचेरे भाई ने 32 वर्षीय संजय पासवान की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने भाग रहे आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी सीताराम पासवान उर्फ राजा को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

संजय पासवान परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत के बाद पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।

Muzaffarpur Murder News: सुबह शुरू हुआ विवाद, शाम तक चली गई जान

पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार गुरुवार सुबह संजय पासवान और उसका चचेरा भाई सीताराम पासवान उर्फ राजा गांव के चौर में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान दोनों के बीच 2 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हो गया।

बताया जा रहा है कि सीताराम ने संजय से रुपये मांगे थे। पैसे नहीं मिलने पर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि सीताराम ने संजय की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

घटना के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

चार साल पहले हुई थी शादी, कोई संतान नहीं

मृतक संजय पासवान की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। उसकी कोई संतान नहीं थी। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिजनों का कहना है कि उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि मामूली विवाद इतना बड़ा रूप ले लेगा।

एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य

थानाध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में रुपये के विवाद की बात सामने आई है। वैज्ञानिक तरीके से जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं।

उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

SDPO ने क्या कहा?

एसडीपीओ मनोज कुमार ने बताया कि रहीमपुर रक्सा गांव में भाई द्वारा भाई की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में पैसों के विवाद की बात सामने आई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस कर रही विस्तृत जांच

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।