Weather Alert : उत्तर भारत में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिल्ली-NCR में पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को बारिश ने राहत दी है। अब मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।

इसी बीच मौसम विभाग ने 14 राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने को लेकर चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ मौसम खराब हो सकता है।

दिल्ली-NCR में बारिश का दौर जारी

दिल्ली-NCR में 11 अगस्त को बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 12 से 15 अगस्त के बीच भी आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

पिछले करीब दो सप्ताह से उमस और गर्मी झेल रहे दिल्लीवासियों को बीते दो दिनों में हुई बारिश से राहत मिली है। बारिश के चलते तापमान में भी कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश में कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया और बस्ती समेत कई इलाकों में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है। राजधानी लखनऊ में भी मंगलवार को अच्छी बारिश हो सकती है।

MP में ऑरेंज अलर्ट, आंधी और बिजली का खतरा

मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भोपाल, देवास, इंदौर, मंदसौर, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, सीहोर, शाजापुर और उज्जैन समेत कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी है।

इन जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं, आंधी और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। इंदौर में भी भारी बारिश को लेकर अलर्ट है।

बिहार और उत्तराखंड में भी बदलेगा मौसम

बिहार के भागलपुर, बांका, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, सहरसा, मधेपुरा और सुपौल में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं कैमूर, रोहतास, बक्सर, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है।

उत्तराखंड में देहरादून, चंपावत, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं की संभावना है। देहरादून और हरिद्वार में भी तेज बारिश हो सकती है।

गुजरात में भी आंधी-बिजली का अलर्ट

गुजरात के छोटा उदेपुर, दाहोद, नर्मदा और पंचमहल में तेज हवाओं के साथ आंधी और बिजली गिरने का खतरा बताया गया है। गांधीनगर और अहमदाबाद में भी बारिश की संभावना है।