महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश ने मुंबई सहित कई जिलों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गई हैं, रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं और कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। भारत मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों के लिए 6 जुलाई तक रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों को केवल जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

इन जिलों में रेड अलर्ट

आईएमडी के अनुसार मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन और राहत दलों को हाई अलर्ट पर रखा है।

तीन दिन में हुई महीने की 60 फीसदी बारिश

मुंबई में जुलाई महीने की शुरुआत ही रिकॉर्ड बारिश के साथ हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, महीने के पहले तीन दिनों में ही शहर में जुलाई की औसत मासिक वर्षा का लगभग 60 प्रतिशत रिकॉर्ड किया जा चुका है।

लगातार बारिश के चलते कई निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। जगह-जगह जलभराव, सड़क धंसने और पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

अंधेरी सबवे बंद, कई मार्गों पर यातायात प्रभावित

भारी जलभराव के कारण मुंबई का महत्वपूर्ण अंधेरी सबवे अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इसके चलते पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों के बीच यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया है।

अंधेरी एमआईडीसी स्थित रोल्टा जंक्शन और SEEPZ गेट नंबर-2 के बाहर जलभराव के कारण जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड (JVLR) पर भी लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला।

लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी असर

मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेन सेवा भी बारिश से प्रभावित हुई है। नालासोपारा स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने से पश्चिम रेलवे को ट्रेनों की रफ्तार कम करनी पड़ी।

इसके चलते कई लोकल ट्रेनें 15 से 20 मिनट की देरी से चलीं, जिससे पीक आवर में स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

ठाणे और डोंबिवली में भी गंभीर स्थिति

मुंबई से सटे डोंबिवली में रेलवे स्टेशन और आसपास के बाजार पूरी तरह पानी में डूब गए। कई दुकानों में बारिश का पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों को नुकसान हुआ। यात्रियों को कमर तक भरे पानी से होकर गुजरना पड़ा।

वहीं मुंब्रा में केवल छह घंटे के दौरान 88.84 मिमी बारिश दर्ज की गई। अमृत नगर क्षेत्र की कई दुकानें जलमग्न हो गईं।

वसई में 150 परिवार प्रभावित

वसई के मिथागर बस्ती इलाके में सड़कें कमर तक पानी में डूब गईं, जिससे करीब 150 परिवारों और एक हजार से अधिक लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ।

घरों में पानी घुसने और बिजली के करंट के खतरे को देखते हुए महावितरण ने एहतियातन कई इलाकों में बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी।

प्रशासन की लोगों से अपील

लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

राहत एवं बचाव दल लगातार संवेदनशील इलाकों की निगरानी कर रहे हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। यदि बारिश का यही दौर जारी रहा, तो आने वाले दिनों में कई अन्य क्षेत्रों में भी जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका है।