Riya Ahir Viral Video: NEET परीक्षा और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर देशभर में हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच मुंबई से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवती पुलिस वैन के सामने खड़ी दिखाई देती हैं। दावा किया जा रहा है कि वह हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को छोड़ने की मांग कर रही थीं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोग जानना चाहते हैं कि आखिर यह युवती कौन हैं।
वायरल वीडियो में नजर आने वाली युवती की पहचान रिया अहीर के रूप में हुई है। वह अभिनेत्री, मॉडल और थिएटर कलाकार हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने उस दिन की घटना और अपने फैसले के पीछे की वजह भी बताई।
Riya Ahir Viral Video के बाद क्यों चर्चा में आईं?
बताया जा रहा है कि मुंबई के चेंबूर और शिवाजी पार्क इलाके में NEET परीक्षा से जुड़े मुद्दों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन हो रहा था। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस हिरासत में लेकर वैन में बैठा रही थी।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रिया अहीर पुलिस वैन के सामने खड़ी दिखाई देती हैं। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, वह हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ने की मांग कर रही थीं। बाद में अन्य प्रदर्शनकारी भी उनके समर्थन में पहुंच गए।
कौन हैं रिया अहीर?
27 वर्षीय रिया अहीर पिछले करीब 13 वर्षों से हिंदी थिएटर से जुड़ी हुई हैं। वह अभिनय, मॉडलिंग और होस्टिंग के क्षेत्र में सक्रिय हैं।
रिया ने बताया कि उनका परिवार सुरक्षा बलों की पृष्ठभूमि से जुड़ा है। उनके पिता भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में सेवा दे चुके हैं। उनके मुताबिक, परिवार से मिले संस्कारों ने उन्हें मुश्किल परिस्थितियों में भी पीछे नहीं हटना सिखाया।
'पता नहीं उस वक्त इतनी हिम्मत कहां से आई'
मीडिया से बातचीत में रिया ने कहा कि उन्होंने इससे पहले कभी किसी विरोध प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लिया था। दिल्ली में छात्रों के आंदोलन की खबरें देखने के बाद उन्होंने मुंबई में प्रदर्शन में शामिल होने का फैसला किया।
रिया के मुताबिक, जब उन्होंने पुलिस वैन में कई प्रदर्शनकारियों को ले जाते देखा तो उन्हें यह उचित नहीं लगा। उन्होंने पहले एक महिला प्रदर्शनकारी को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुईं। इसके बाद वह वैन के सामने जाकर खड़ी हो गईं।
उन्होंने दावा किया कि वैन चालक ने कई बार वाहन आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने अपनी जगह नहीं छोड़ी। कुछ देर बाद अन्य प्रदर्शनकारी भी वहां पहुंच गए।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी जताई नाराजगी
रिया अहीर का कहना है कि उनका विरोध केवल NEET परीक्षा तक सीमित नहीं है। उनके अनुसार, यह पूरे शिक्षा तंत्र में सुधार की मांग से जुड़ा मुद्दा है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने मनोविज्ञान (Psychology) की पढ़ाई शुरू की थी, लेकिन काम के कारण उसे पूरा नहीं कर सकीं। बाद में उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय में डिस्टेंस एजुकेशन के जरिए अंग्रेजी साहित्य में दाखिला लिया। उनका आरोप है कि फीस जमा करने के बाद भी उन्हें विश्वविद्यालय से समय पर आवश्यक जानकारी नहीं मिल सकी।
अभिनय के साथ अपना कारोबार भी संभालती हैं
अभिनय और मॉडलिंग के अलावा रिया अहीर अपना व्यवसाय भी चलाती हैं। उन्होंने पिछले वर्ष 'रियासत' नाम से एक उद्यम शुरू किया, जिसके माध्यम से स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को बड़े शहरों और ग्राहकों तक पहुंचाने का काम किया जाता है।
रिया का कहना है कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद उनके परिवार और दोस्तों ने उनका पूरा समर्थन किया। उनके अनुसार, यह लड़ाई किसी एक परीक्षा की नहीं, बल्कि ऐसी शिक्षा व्यवस्था की है, जिस पर छात्र भरोसा कर सकें।