UP में नौकरियों की कमी नहीं, 26 जनवरी तक मिलेंगे नियुक्ति पत्र; सीएम योगी ने युवाओं को दिया बड़ा संदेश

नई दिल्ली: UP के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रोजगार और सरकारी भर्तियों को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नौकरियों की कमी नहीं है और सरकार लगातार पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया पूरी कर रही है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, 8 हजार लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार से अधिक होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब 26 जनवरी तक औसतन हर पांच से सात दिन में युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। मुख्यमंत्री ने 23 विद्यार्थियों को अपने हाथों से टैबलेट प्रदान किए और योजना पर आधारित एक लघु फिल्म भी देखी।

UP में साढ़े नौ साल में पौने दस लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

रोजगार के मुद्दे पर विपक्ष को जवाब देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार के साढ़े नौ साल के कार्यकाल में लगभग पौने दस लाख सरकारी नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को योग्यता और प्रतिभा के आधार पर नौकरी देने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, पुलिस, खेल और राजस्व विभागों में 16 हजार से अधिक नियुक्तियां की गई हैं। इसके अलावा 8 हजार लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार से अधिक होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी 26 जनवरी तक लगातार नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य है कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी योग्य युवा के साथ अन्याय न हो और उसे पारदर्शी व्यवस्था के तहत रोजगार का अवसर मिले।

पेपर लीक करने वालों पर सख्त कार्रवाई, माफिया पर भी निशाना

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान नकल माफिया और पेपर लीक करने वाले गिरोह सक्रिय रहते थे। उन्होंने पूर्ववर्ती व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि अब प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है।
सीएम योगी ने बताया कि पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कानून बनाया गया है। इसके तहत दोषियों को आजीवन कारावास, एक करोड़ रुपये तक का जुर्माना और संपत्ति जब्ती जैसी कार्रवाई का प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने माफियाओं और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई की है। अब नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य और करियर के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

50 हजार से अधिक विद्यार्थियों को बांटे गए टैबलेट - UP 

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने डिजिटल शिक्षा और तकनीकी कौशल के महत्व पर भी विस्तार से बात की।
उन्होंने बताया कि योजना के पहले चरण में प्रदेश के 60 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए थे। आईआईएम लखनऊ के अध्ययन का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इसका लाभ लगभग तीन करोड़ लोगों तक पहुंचा है।
अब दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट वितरित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन टैबलेट में इंफोसिस के 18 हजार से अधिक निशुल्क ऑनलाइन कोर्स और युवा साथी ऐप जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने इन्हें युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय बताया।
सीएम योगी ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे सोशल मीडिया पर केवल रील देखने और वायरल कंटेंट में समय बर्बाद करने के बजाय कौशल विकास और पढ़ाई पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि युवाओं को 30 सेकंड की रील देखने के बजाय रोजाना तीन घंटे अपने कौशल को बेहतर बनाने में लगाने चाहिए।

हर जिले में बनेगा स्किलिंग और एंप्लॉयमेंट जोन

मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन स्थापित करने की योजना की जानकारी दी।
इन केंद्रों पर युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल के साथ जापानी और जर्मन भाषाओं का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को देश और विदेश के उद्योगों की जरूरतों के अनुसार तैयार करना है, ताकि उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या पहले लगभग 120 थी, जो अब बढ़कर 25 हजार हो गई है। स्टार्टअप और नए उद्यमों को प्रोत्साहित करने के लिए एक हजार करोड़ रुपये का फंड ऑफ फंड्स बनाया गया है।
इसके अलावा ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट), वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूजीन और मुख्यमंत्री युवा योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा योजना के तहत दो लाख युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

UP की अर्थव्यवस्था में तीन गुना वृद्धि का दावा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के आर्थिक विकास और निवेश का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की जीएसडीपी तीन गुना बढ़कर 12 लाख करोड़ रुपये से लगभग 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों के माध्यम से 65 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में भी लगभग 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एक्सप्रेसवे नेटवर्क का विस्तार हुआ है और अब 17 एयरपोर्ट हैं। गोरखपुर में एम्स और पांच विश्वविद्यालयों का उल्लेख करते हुए उन्होंने पूर्वांचल में स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में हुए विकास को भी रेखांकित किया।
उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाओं के माध्यम से 67 लाख विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जा रही है और कॉलेज स्तर तक अभ्युदय कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

युवाओं से 2047 के विकसित भारत का नेतृत्व करने की अपील

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब उपद्रव से उत्सव की ओर बढ़ चुका है। उन्होंने देवोत्थान एकादशी के अवसर पर अयोध्या में आयोजित पंचकोसी परिक्रमा का जिक्र करते हुए बताया कि इसमें 50 से 55 लाख श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
उन्होंने प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और औद्योगिक विकास का उदाहरण देते हुए लखनऊ स्थित एचसीएल टेक सेंटर का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस सेंटर में कर्मचारियों की संख्या 100 से बढ़कर 18 हजार हो गई है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने, सोशल मीडिया पर वायरल खबरों का फैक्ट चेक करने और तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने की अपील की। साथ ही उन्होंने टैबलेट के माध्यम से जनगणना 2027 की स्वगणना और मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए फॉर्म 6, 7 और 8 भरने में भागीदारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ टैबलेट ऊपर उठाकर सेल्फी भी ली। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने कौशल, मेहनत और प्रतिभा के दम पर वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
यह भी पढ़ें - PM मोदी के बिहार दौरे से पहले भाजपा का स्वच्छता अभियान, हरीश ..