गोरखपुर। भारतीय रेल ने गुजरात के भुज और बिहार के बरौनी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी दे दी है। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी और कुल 2,532 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के अहम शहरों को आपस में जोड़ेगी।

रेलगाड़ी संख्या 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से शाम 5:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:05 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में रेलगाड़ी संख्या 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी से रात 11:55 बजे चलेगी और दोपहर 1:15 बजे भुज पहुंचेगी।

हफ्ते में तीन दिन मिलेगी सेवा

भुज से बरौनी की तरफ जाने वाली ट्रेन सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी। वहीं बरौनी से भुज आने वाली ट्रेन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी।

इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन

नई ट्रेन के रूट में कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव तय किया गया है। इनमें समाखियाली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, गोरखपुर, सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर शामिल हैं।

यह नई सेवा देश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच रेल यात्रा का एक अतिरिक्त विकल्प देगी। गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए इससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी।