CM Yogi Adityanath : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए केंद्र सरकार द्वारा गठित उच्चाधिकार प्राप्त टास्क फोर्स का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल करोड़ों विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित और परीक्षा प्रणाली को अधिक निष्पक्ष एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने यह प्रतिक्रिया सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की।

CM Yogi Adityanath: एक्स पर क्या लिखा?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ नंदन नीलेकणि की अध्यक्षता में परीक्षा सुधारों के लिए उच्चाधिकार प्राप्त कार्यबल का गठन एक दूरदर्शी और ऐतिहासिक पहल है।

उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रत्येक प्रतिभाशाली विद्यार्थी को निष्पक्ष अवसर देने, मेहनत का उचित सम्मान सुनिश्चित करने और परीक्षा प्रणाली पर छात्रों का विश्वास मजबूत करने में सहायक होगा। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के युवाओं की ओर से प्रधानमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

क्या करेगी यह टास्क फोर्स?

केंद्र सरकार के अनुसार, यह उच्चाधिकार प्राप्त टास्क फोर्स देश की परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने के लिए सुझाव देगी। इसके तहत परीक्षा प्रक्रिया में तकनीक के बेहतर उपयोग, संचालन व्यवस्था में सुधार और संभावित खामियों को दूर करने पर काम किया जाएगा।

सरकार का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाना और परीक्षा संचालन को अधिक मजबूत बनाना है।

परीक्षा सुधारों पर रहेगा फोकस

सरकार का कहना है कि परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए आवश्यक कदमों पर तेजी से काम किया जाएगा, ताकि परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनी रहे और अभ्यर्थियों को निष्पक्ष माहौल मिल सके। साथ ही तकनीकी और प्रशासनिक सुधारों के माध्यम से परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।