अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के रुखालू गांव में बारात चढ़त के समय डीजे कथित तौर पर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसमें करंट दौड़ गया। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
तीन युवक हुए घायल
हादसे में विपिन, लविश और राजकुमार करंट की चपेट में आकर झुलस गए। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों के अनुसार, तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बारात चढ़त के दौरान अचानक डीजे में करंट दौड़ने से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कुछ देर के लिए समारोह में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही हसनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
प्राथमिक तौर पर आशंका है कि डीजे वाहन हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से यह हादसा हुआ। पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।