शीरब चौधरी / अमरोहा : डिडौली कोतवाली क्षेत्र के कपासी गांव में मंगलवार रात करीब सात बजे घर के बाहर खड़े पिता-पुत्र समेत पांच लोगों को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में सभी घायल हो गए। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया।
कपासी निवासी मोहन सिंह पुत्र चंद्रपाल सिंह मंगलवार रात परिवार के साथ घर के बाहर खड़े थे। आरोप है कि इसी दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चला रहा एक युवक वहां पहुंचा और सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में मोहन सिंह, उनके पुत्र शौर्य, पुत्री अदिति, कृष्णा पुत्र महेश सिंह और अवनिका घायल हो गए।
हादसे के बाद बाइक सवार को पकड़ा
हादसे के बाद परिजनों ने बाइक सवार को पकड़ लिया। आरोप है कि बाइक सवार ने अपने परिजनों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद पीड़ित परिवार के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। बाद में आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
मोहन सिंह ने बाइक सवार और उसके परिजनों के खिलाफ डिडौली कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी जितेंद्र बलिया ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।