Mumbai Fire : मुंबई के विले पार्ले वेस्ट में बैप्टिस्टा रोड स्थित एक रिहायशी इमारत में आग लगने से 23 साल की महिला और ढाई साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसे में चार अन्य लोग घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान अंकिता और ढाई साल के अबीर के रूप में हुई है। घायलों की पहचान पार्थ, हिरेन, यशस्वी और अभिषेक के तौर पर की गई है।

बृहन्मुंबई नगर निगम के आपदा प्रबंधन सेल के मुताबिक, आग ग्राउंड-प्लस-12 मंजिला इमारत की 11वीं मंजिल पर लगी थी।

रात करीब 10 बजे लगी आग

दमकल विभाग के अधिकारी के मुताबिक, आग रात करीब 10:08 बजे लगी। आग की लपटें तेज होने के बाद करीब 10:16 बजे इसे ‘लेवल 2’ की आग घोषित किया गया।

आग लगने के बाद 11वीं मंजिल पर कई लोग फंस गए थे। मुंबई दमकल विभाग के कर्मचारियों ने बचाव अभियान चलाकर उन्हें बाहर निकाला।

बचाव अभियान में दो लोग बेहोश मिले

दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान सभी छह लोग घायल हुए थे। इनमें से दो लोग बेहोशी की हालत में मिले।

बचाव के बाद घायलों को बांद्रा के नानावटी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने अंकिता और अबीर को मृत घोषित कर दिया। बाकी चार घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया गया

अधिकारियों के मुताबिक, दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आधी रात के आसपास आग पर काबू पाया। इसके बाद कूलिंग ऑपरेशन शुरू किया गया।

अधिकारी के अनुसार, पूरी मंजिल का कॉरिडोर और इमारत धुएं से भर गया था। इसके कारण बचाव अभियान में मुश्किलें आईं।

आग लगने की सही वजह अभी सामने नहीं आई है। मामले की जांच की जा रही है।