नई दिल्ली: राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 में इस बार बड़ा बदलाव देखने को मिला है। खेल मंत्रालय ने मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए किसी भी खिलाड़ी के नाम को मंजूरी नहीं दी है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 2014 के बाद यह पहली बार है जब इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए किसी खिलाड़ी का चयन नहीं हुआ है।

चयन समिति की सिफारिशों के पुनर्मूल्यांकन के बाद मंत्रालय ने यह फैसला लिया। दूसरी ओर, 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है। इनमें शतरंज की विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख, ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती, एथलीट तेजस्विन शंकर, बैडमिंटन खिलाड़ी त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद और मुक्केबाज नरेंद्र जैसे नाम शामिल हैं।

हार्दिक सिंह का नाम भी खेल रत्न की अंतिम सूची में नहीं

पूर्व न्यायाधीश अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने हॉकी खिलाड़ी हार्दिक सिंह को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न के लिए नामित किया था।

हालांकि, चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण में उन्हें खेल रत्न की सूची में जगह नहीं मिली। इसके बाद मंत्रालय की ओर से किसी भी खिलाड़ी को इस साल खेल रत्न नहीं देने का फैसला किया गया।

इन 17 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन पुरस्कार

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 के लिए अर्जुन पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों की सूची में अलग-अलग खेलों के खिलाड़ी शामिल हैं।

अर्जुन पुरस्कार के लिए चुने गए 17 खिलाड़ी हैं:

  • तेजस्विन शंकर
  • प्रियंका गोस्वामी
  • मोहम्मद अजमल वी
  • नरेंद्र
  • विदित गुजराती
  • दिव्या देशमुख
  • धनुष श्रीकांत
  • राजकुमार पाल
  • सुरजीत
  • रुद्रांश खंडेलवाल
  • एकता भ्याण
  • अरविंद सिंह
  • अखिल श्योराण
  • त्रीसा जॉली
  • गायत्री गोपीचंद
  • लालरेमसियामी
  • पूजा

इन खिलाड़ियों ने अपने-अपने खेल में प्रदर्शन के दम पर यह सम्मान हासिल किया है।

फुटबॉल दिग्गज आई. अरुमैनायगम को लाइफटाइम अर्जुन सम्मान

फुटबॉल के दिग्गज आई. अरुमैनायगम को अर्जुन पुरस्कार की जीवनपर्यंत श्रेणी के लिए चुना गया है।

अरुमैनायगम 1962 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय फुटबॉल टीम का हिस्सा रहे थे। खेल के क्षेत्र में उनके लंबे योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया जाएगा।

तीन को द्रोणाचार्य पुरस्कार

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 में कोचिंग के क्षेत्र में भी सम्मान दिए जाएंगे। परवीर सिंह, छोटे लाल यादव और नेहा चव्हाण को द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चुना गया है।

वहीं, धर्मेंद्र यादव और वीरेंद्र कुमार को जीवनपर्यंत श्रेणी में द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया जाएगा।

राजस्थान के पैरा शूटर रुद्रांश खंडेलवाल भी अर्जुन पुरस्कार की सूची में

अर्जुन पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों में राजस्थान के भरतपुर के 19 वर्षीय पैरा शूटर रुद्रांश खंडेलवाल का नाम भी शामिल है।

आठ साल की उम्र में एक हादसे में पैर गंवाने वाले रुद्रांश ने पैरा शूटिंग में अपनी पहचान बनाई है। नाम की घोषणा के बाद उनके परिवार में खुशी का माहौल है।

रुद्रांश की मां विनीता खंडेलवाल के मुताबिक, करीब आठ महीने पहले उनके नाम की सिफारिश की गई थी। अब अर्जुन पुरस्कार के लिए चयन होने के बाद परिवार ने खुशी जाहिर की है।

इस बार खेल रत्न नहीं, अर्जुन पुरस्कारों पर रहा फोकस

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की सूची में सबसे ज्यादा चर्चा खेल रत्न को लेकर है। चयन समिति की सिफारिशों के पुनर्मूल्यांकन के बाद मंत्रालय ने इस साल किसी खिलाड़ी को यह सर्वोच्च खेल सम्मान नहीं देने का फैसला किया है।

वहीं, अर्जुन पुरस्कार के लिए 17 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें शतरंज, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, हॉकी, बॉक्सिंग और पैरा स्पोर्ट्स समेत कई खेलों के खिलाड़ी शामिल हैं।